यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 28, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अफगानिस्तान में अपहृत दो पाक राजनयिक स्वदेश पहुंचे
अफगानिस्तान में पाकिस्तानी वाणिज्य दूतावास में तैनात जिन दो राजनयिक अधिकारियों का अपहरण हो गया था, वे इस्लामाबाद पहुंच गए।

इस्लामाबाद, प्रेट्र : अफगानिस्तान में पाकिस्तानी वाणिज्य दूतावास में तैनात जिन दो राजनयिक अधिकारियों का अपहरण हो गया था, वे गुरुवार को इस्लामाबाद पहुंच गए। अफगान सुरक्षा बलों के एक अभियान में उन्हें बचाया गया है। विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। ये अधिकारी जलालाबाद स्थित पाकिस्तान के महावाणिज्य दूतावास में तैनात थे। गत 16 जून को जलालाबाद से तोरखाम सीमा पार करने के दौरान उनका अपहरण कर लिया गया था।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि जलालाबाद में तैनात दोनों राजनयिक अधिकारियों की अफगान सुरक्षा बलों ने बुधवार को सुरक्षित वापसी कराई। दोनों अधिकारी गुरुवार को इस्लामाबाद पहुंच गए हैं।
दोनों राजनयिक अधिकारियों ने अपनी रिहाई को किए गए लगातार प्रयासों के लिए पाकिस्तान सरकार को धन्यवाद दिया है। हालांकि इस बात की अब तक आधिकारिक रूप से घोषणा नहीं हुई है कि उनका किसने अपहरण किया था या उन्हें छोड़ने के लिए कोई फिरौती दी गई है या नहीं।
