ट्रंप ने की हिलेरी के साथ डिबेट की तारीख बदलने की गुजारिश
डोनाल्ड ट्रंप ने हिलेरी क्लिंटन के साथ टीवी पर होने वाली डिबेट की तारीख बदलने की अपील की है। हालांकि हिलेरी ने इस पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि यह पहले ही तय हुाेे चुकी हैं।
वाशिंगटन (रॉयटर)। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में शीर्ष पद के दावेदारों के बीच सीधी बहस की परंपरा रही है। इस बार इसके टूटने का खतरा मंडरा रहा है। रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने बहस की तारीखों पर आपत्ति जताते हुए बदलाव की मांग की है। उनकी प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन ने इसका विरोध करते हुए कहा है कि तारीखें काफी पहले निर्धारित की गई थी। बहस का आयोजन करने वाले आयोग ने भी कार्यक्रम में बदलाव से इन्कार किया है। इस बार बहस के लिए 26 सितंबर, नौ अक्टूबर और 19 अक्टूबर की तारीख तय है।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव आठ नवंबर को होना है। 1976, 1980 और 1984 में सीधी बहस का आयोजन विवादित होने के बाद रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी ने 1987 में इसके लिए आयोग का गठन किया था। इसके निदेशक बोर्ड के सदस्य स्वतंत्र होते हैं। टीवी पर होने वाली बहस के दौरान दोनों उम्मीदवार अलग-अलग मुद्दों पर अपने विचार रखते हैं। इसके आधार पर ही मतदाता राय बनाकर वोट डालते हैं। लेकिन 1964, 1968, 1972 के चुनाव में यह बहस नहीं हो पाई थी।