सेना में छंटनी की योजना से भड़के अमेरिकी सांसद
अमेरिकी सांसद सेना में करीब 60 हजार जवानों और कर्मियों की छंटनी की योजना से भड़क गए हैं। उन्होंने इसकी तीखी आलोचना करते हुए आगाह किया कि यह योजना मध्य पूर्व में संघर्ष, रूस के साथ बढ़ते तनाव की इस घड़ी में अदूरदर्शी और खतरनाक है।
वाशिंगटन। अमेरिकी सांसद सेना में करीब 60 हजार जवानों और कर्मियों की छंटनी की योजना से भड़क गए हैं। उन्होंने इसकी तीखी आलोचना करते हुए आगाह किया कि यह योजना मध्य पूर्व में संघर्ष, रूस के साथ बढ़ते तनाव की इस घड़ी में अदूरदर्शी और खतरनाक है।
रिपब्लिकन सीनेटर और सशस्त्र सेवा समिति के प्रमुख जॉन मैक्केन ने 40 हजार सैनिकों और 17 हजार कर्मियों की छंटनी के फैसले को राष्ट्रपति बराक ओबामा की ओर से पेश की गई बजट कटौती रणनीति का खतरनाक परिणाम करार दिया है।
राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में शामिल रिपब्लिकन जेब बुश ने कहा कि अमेरिका बिना मजबूत सेना के अगुआई नहीं कर सकता है। छंटनी से देश के पास दूसरे विश्व युद्ध जितनी छोटी सेना ही रह जाएगी। छंटनी से सेना में करीब 4,50,000 लाख सैनिक ही रह जाएंगे।
सेना में वर्ष 2001 के हमलों से पहले 4,90,000 लाख जवान थे। इसके बाद सेना में जवानों की संख्या बढ़कर 5,70,000 हो गई। सेना में छंटनी की आलोचना उस समय शुरू हुई जब सैन्य सचिव जॉन मैकहग ने कांग्रेस सदस्यों को यह बताना शुरू किया कि सेना का आकार कम किया जाएगा और इसका कितना प्रभाव पड़ेगा।
सेना से छंटनी का विस्तृत विवरण जल्द ही पेश करने की योजना है। हालांकि यूएसए टुडे अखबार ने गुरुवार को इससे प्रभावित होने वाली सैन्य ईकाइयों के नाम भी प्रकाशित किए हैं।