सैमसंग प्रमुख ने सभी आरोपों से किया इन्कार
जाय-योंग की तरफ से पेश हुए वकील ने उनके खिलाफ लगे सभी आरोपों से इन्कार किया।
सियोल, रायटर। सैमसंग समूह के प्रमुख ली जाय-योंग ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इन्कार किया है। यह जानकारी उनके वकील ने गुरुवार को दी। विशेष अभियोजकों ने इसे 'सदी की सुनवाई' होने का अनुमान जाहिर किया है। इस घोटाले को लेकर देश में भूचाल मचा और राष्ट्रपति पार्क ग्यून ही को महाभियोग तक का सामना करना पड़ रहा है। उनके खिलाफ संसद से पारित महाभियोग पर संविधान अदालत शुक्रवार को फैसला सुना सकती है।
सैमसंग प्रमुख के खिलाफ रिश्वत, धोखाधड़ी एवं अन्य आरोप लगे हैं। वर्तमान में सियोल हिरासत केंद्र में बंद जाय-योंग अदालत नहीं आए। प्रारंभिक सुनवाई में बचाव पक्ष हाजिर नहीं हुआ। सुनवाई की तारीख अगले सप्ताह तय की जाएगी।
जाय-योंग की तरफ से पेश हुए वकील ने उनके खिलाफ लगे सभी आरोपों से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि विशेष अभियोजक का आरोप तथ्य पर आधारित नहीं है।
सैमसंग प्रमुख के वकील सोंग वू-चेओल ने अदालत से कहा, 'जाय-योंग ने किस तरह का आदेश दिया यह स्पष्ट नहीं है। आरोप पत्र में वह बयान नहीं है जिससे अदालत में मामला ठहर सके।'
48 वर्षीय जाय-योंग पर राष्ट्रपति की सहेली चोई सुन सिल के संगठनों को रिश्वत देने का आरोप है। उन्होंने अपनी कंपनी का हित साधने के लिए इस मामले की केंद्रीय पात्र चोई को रिश्वत दी। इस मामले में सैमसंग प्रमुख के अलावा सैमसंग समूह के पूर्व वाइस चेयरमैन चोई गी-सुंग, सैमसंग समूह के पूर्व प्रेसिडेंट चांग चुंग-की और सैमसंग इलेक्ट्रानिक्स के पूर्व प्रेसिडेंट पार्क सांग-जिन भी आरोपी हैं। सभी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इन्कार किया है।
यह भी पढ़ें: वीजा प्रतिबंध मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का घर में ही विरोध