ओबामा के कार्यकाल में भारत के साथ मजबूत बना रहा रिश्ता
मौजूदा विदेश मंत्री अगले विदेश मंत्री को क्या सुझाव देंगे इसके बारे में यहां कुछ भी नहीं कहा जा सकता।
वाशिंगटन, प्रेट्र : अमेरिका में निवर्तमान ओबामा प्रशासन ने कहा है कि भारत के साथ गहरे द्विपक्षीय संबंधों में उसे कोई कमी नहीं दिखाई दे रही है। भारत को अमेरिका का महत्वपूर्ण साझीदार बताते हुए प्रशासन ने कहा है कि दोनों देशों के बीच रिश्ते की मजबूती बरकरार है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने एक दिन पहले बुधवार को कहा, 'इस बात में कोई संदेह नहीं कि भारत एक महत्वपूर्ण साझीदार के साथ ही एक महत्वपूर्ण शक्ति भी है। आज तक भारत-अमेरिका के बीच मजबूत द्विपक्षीय संबंधों में मुझे कोई कमी नहीं दिखी है।'
पढ़ें- भावी ट्रंप सरकार के NSA से डोभाल ने की रणनीतिक चर्चा
किर्बी ने नए प्रशासन में भारत-अमेरिका रिश्ते के भविष्य पर पूछे गए सवाल को टाल दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा विदेश मंत्री अगले विदेश मंत्री को क्या सुझाव देंगे इसके बारे में यहां कुछ भी नहीं कहा जा सकता। भारत के साथ हमारा द्विपक्षीय संबंध मजबूत है और यह विभिन्न स्तरों पर महत्वपूर्ण भी है। निश्चित रूप से ऐसे सभी कदम उठाएंगे जो हमारे लिए जरूरी हैं।
अगले प्रशासन को भारत के साथ रिश्ता के बारे में हम सभी सूचनाएं उपलब्ध कराएंगे ताकि वे अपने फैसले ले सकें। अगला प्रशासन भारत के साथ रिश्ते को कैसे लेगा, इसकी भविष्यवाणी नहीं की जा सकती है।
विदेश विभाग ने भारत सरकार द्वारा की गई नोटबंदी के बारे में भी पूछे गए सवाल का जवाब देने से मना कर दिया। प्रवक्ता ने कहा कि यह भारत का आंतरिक मामला है।