पुतिन ने अमेरिका को किया आगाह, यूक्रेन को ना दे रक्षा हथियार
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने वीटो का इस्तेमाल करते हुए इस पर रोक लगा दी थी। अब इस पर विचार किया जा रहा है।
जियामेन, रायटर्स। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका को आगाह किया है कि वह यूक्रेन को रक्षा हथियारों की आपूर्ति ना करे। उन्होंने मंगलवार को कहा कि इस फैसले से पूर्वी यूक्रेन में संघर्ष बढ़ जाएगा और रूस समर्थक अलगाववादियों को यहां अपने अभियान का विस्तार करने का मौका मिल जाएगा।
पिछले महीने यूक्रेन के कीव दौरे पर आए अमेरिकी रक्षा मंत्री जिम मैटिस ने कहा था कि वह यूक्रेन की मदद के लिए घातक हथियार भेजने पर सक्रियता से विचार कर रहे हैं। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने वीटो का इस्तेमाल करते हुए इस पर रोक लगा दी थी।
गौरतलब है कि पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थक अलगाववादियों और यूक्रेन के सुरक्षा बलों के बीच जारी संघर्ष को लेकर दोनों देश काफी लंबे समय से आपस में भिड़े हुए हैं। पिछले तीन सालों में अब तक इसके कारण 10 हजार से लोगों को अपनी जानें गंवानी पड़ी। यूक्रेन ने रूस पर क्षेत्र सैनिक और हथियार भेजने का आरोप लगाया है। हालांकि रूस ने इससे इंकार किया है।
चीन में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान अमेरिका द्वारा यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति करने की संभावना पर पुतिन से सवाल पूछा गया था, जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि यह अमेरिका का फैसला है कि उसे किसे हथियार बेचना है या देना है। मगर पुतिन ने इसके खिलाफ आगाह जरूर किया। उन्होंने कहा कि एक संघर्षरत क्षेत्र में हथियारों को भेजने से शांति प्रयासों में मदद नहीं मिलेगी, बल्कि इससे स्थिति और भी बुरी हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: मोदी-चिनफिंग के बीच बनी सहमति, डोकलाम जैसी स्थिति अब और नहीं