बर्लिन में पहनावे को लेकर निशाने पर आई प्रियंका चोपड़ा
सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद प्रियंका ने एक और तस्वीर पोस्ट कर लोगों को जवाब दिया।
बर्लिन, प्रेट्र। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अभिनय का लोहा मनवा रहीं प्रियंका चोपड़ा नये विवाद में घिर गई हैं। जर्मनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के वक्त पहनी गई पोशाक को लेकर लोगों ने सोशल मीडिया पर प्रियंका की आलोचना की हैं।
प्रियंका इन दिनों अपनी हॉलीवुड फिल्म 'बेवॉच' के प्रमोशन के लिए जर्मनी में हैं। यहां उन्होंने जर्मनी दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री से मुलाकात की तस्वीर शेयर करते ही प्रियंका लोगों के निशाने पर आ गई। मोदी से मुलाकात के वक्त पहनी गई पोशाक में प्रियंका की टांगें खुली होने पर लोगों ने उनकी खिंचाई की।
यह भी पढ़ें: चुनाव में हार सकतीं ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीजा
लोगों ने प्रधानमंत्री के सामने पैर पर पैर रखकर प्रियंका के बैठने के तरीके पर भी सवाल उठाये। सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद प्रियंका ने एक और तस्वीर पोस्ट कर लोगों को जवाब दिया। दूसरी तस्वीर में प्रियंका अपनी मां मधु चोपड़ा के साथ नजर आ रही हैं। इसमें प्रियंका ने हाई स्लिट डेनिम ड्रेस पहनी हुई है, जिसमें उनकी टांगें दिख रही हैं। उनकी मां काले रंग के टॉप और मिनी स्कर्ट में हैं।
यह भी पढ़ें : रूस ने आइएस के ठिकानों पर दागीं क्रूज मिसाइलें