रूस से लड़ाकू हेलीकॉप्टर खरीदेगा पाकिस्तान
पाकिस्तान को रूस चार लड़ाकू हेलीकॉप्टर एमआइ 35 बेचने के लिए तैयार हो गया है। शीतकाल के दौरान शत्रु रहे दोनों देशों के बीच यह पहला बड़ा रक्षा समझौता है।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान को रूस चार लड़ाकू हेलीकॉप्टर एमआइ 35 बेचने के लिए तैयार हो गया है। शीतकाल के दौरान शत्रु रहे दोनों देशों के बीच यह पहला बड़ा रक्षा समझौता है।
यह समझौता इस साल जून में किया गया। उस समय पाकिस्तान के सेना प्रमुख राहील शरीफ रूस के दौरे पर गए थे और शीर्ष रक्षा अधिकारियों से मुलाकात की थी। एक पाकिस्तानी रक्षा अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि इस सौदे से पाकिस्तान की आतंकवादियों के खिलाफ लड़ाई को और मजबूती मिलेगी।
हेलीकॉप्टरों की कीमत और आपूर्ति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है लेकिन दोनों पक्ष आपूर्ति जल्द पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं। यह समझौता शीतकालीन युद्ध और 1980 के दशक के अफगान युद्ध के बाद संबंधों में सुधार के बीच हुआ है।
सोवियत रूस ने अमेरिका के मित्र देश पाकिस्तान पर सैन्य सामग्री बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया था। इधर कुछ सालों में दोनों देशों के रिश्तों में सुधार आया है और रूस कराची-लाहौर गैस पाइप लाइन के निर्माण में निवेश करने पर विचार कर रहा है। नवंबर, 2014 में 45 साल बाद पहली बार रूसी रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान का दौरा किया था। उस दौरान दोनों देशों ने संबंध सुदृढ़ करने के लिए सैन्य सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।