विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 23, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्तर कोरिया ने दी धमकी, एक ही झटके में उड़ा देंगे अमेरिकी युद्धपोत

By Suchi SinhaEdited By:
Published: Sun, 23 Apr 2017 04:16 PM (GMT+05:30)Updated: Sun, 23 Apr 2017 07:03 PM (GMT+05:30)

अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस कार्ल विंसन अगर उत्तर कोरिया की जलसीमा में आया तो उस पर हमला करके उसे डुबो दिया जाएगा।

उत्तर कोरिया ने दी धमकी, एक ही झटके में उड़ा देंगे अमेरिकी युद्धपोत
उत्तर कोरिया ने दी धमकी, एक ही झटके में उड़ा देंगे अमेरिकी युद्धपोत

सियोल, रायटर। उत्तर कोरिया ने चेतावनी दी है कि अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस कार्ल विंसन अगर उसकी जलसीमा में आया तो उस पर हमला करके उसे डुबो दिया जाएगा। अमेरिका का यह हमलावर बेड़ा दो जापानी जहाजों के साथ पश्चिम प्रशांत महासागर क्षेत्र में युद्धाभ्यास कर रहा है।

परमाणु हथियारों से लैस यूएसएस कार्ल विंसन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर कोरियाई प्रायद्वीप के नजदीक आया है। ट्रंप ने यह आदेश उत्तर कोरिया की परमाणु बम और मिसाइल परीक्षण की तैयारियों के जवाब में दिया था।

उत्तर कोरिया के सरकारी समाचार पत्र रोडोंग सिनमन ने कहा है कि उसकी क्रांतिकारी सेना एक वार में ही अमेरिका के परमाणु हथियारों वाले विमानवाहक पोत को बर्बाद कर देगी। अखबार ने लिखा है कि यह विमानवाहक पोत बड़े जानवर जैसा है और उस पर किया जाने वाला हमला हमारी सेना की असली ताकत दिखाएगा।

कोरियाई सेना मंगलवार को अपनी 85 वीं वर्षगांठ मनाएगी। माना जा रहा है कि उत्तर कोरिया उस दिन कोई बड़ा सैन्य परीक्षण कर सकता है। उत्तर कोरिया अभी तक पांच परमाणु परीक्षण कर चुका है। वह ऐसी परमाणु हथियार वाली मिसाइल बनाने की कोशिश में है जिसकी मार अमेरिकी धरती तक हो। इसीलिए वह संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों के बावजूद बैलेस्टिक मिसाइल के लगातार परीक्षण कर रहा है।

उत्तर कोरिया को कोशिश को कामयाब न होने देने के लिए अमेरिका ने हर विकल्प खुले होने की घोषणा की है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का विकल्प खुला होने की बात भी कही है। इसी चलते यूएसएस कार्ल विंसन को कोरियाई प्रायद्वीप में भेजा गया है।

जबकि उत्तर कोरिया ने कहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम आत्मरक्षा के लिए है। उसने अमेरिका को चेतावनी दी है कि किसी भी तरह के हमले की सूरत में वह परमाणु हमले से जवाब देगा। उल्लेखनीय है कि पड़ोसी अमेरिका के मित्र राष्ट्र दक्षिण कोरिया और जापान उत्तर कोरिया की आसान पहुंच में हैं।

यह भी पढ़ें: उ. कोरिया ने एक और अमेरिकी नागरिक को गिरफ्तार किया