खालिस्तान समर्थक भारतीय डॉक्टर को नौ साल की कैद
खालिस्तान आंदोलन का समर्थक 60 साल का भारतीय मूल का अमेरिकी डॉक्टर तीन मिलियन डॉलर (19.91 करोड़ रुपये) के स्वास्थ्य सुविधा घोटाले में दंडित किया गया है।
ह्यूस्टन। खालिस्तान आंदोलन का समर्थक 60 साल का भारतीय मूल का अमेरिकी डॉक्टर तीन मिलियन डॉलर (19.91 करोड़ रुपये) के स्वास्थ्य सुविधा घोटाले में दंडित किया गया है। परमजीत सिंह अजरावट नाम के इस फिजीशियन को ग्र्रीनबेल्ट की कोर्ट ने नौ साल की कैद की सजा सुनाई है।
घोटाले में फिजीशियन की पत्नी सुखवीन कौर अजरावट (57) भी शामिल पाई गई। बीती एक फरवरी को उसकी मृत्यु हो जाने के कारण उसे दोष से मुक्त कर दिया गया। अमेरिकी महाधिवक्ता कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार डॉक्टर ने पत्नी के सहयोग से वाशिंगटन पेन मैनेजमेंट सेंटर में ऑपरेशन करने का दावा करते हुए तीन मिलियन डॉलर की धनराशि सरकारी स्वास्थ्य लाभ योजना से प्राप्त की थी।
वास्तव में उसने ऐसा कोई ऑपरेशन किया ही नहीं था। जांच में दंपती को स्वास्थ्य सुविधा संबंधी कई घोटालों में शामिल पाया गया। खालिस्तान आंदोलन के दौरान मई, 2011 में भारत सरकार ने परमजीत सिंह को प्रतिबंंधित कर दिया था। वह 138 लोगों की सूची में शामिल था जो भारत के इस अलगाववादी आंदोलन का विभिन्न तरीकों से समर्थन कर रहे थे।
यह भी पढ़ेंः भारत पहुंचा कृपाल सिंह का शव, बहन ने मौत पर उठाए सवाल