न्यूयार्क में मनाया गया बिंदेश्वर पाठक दिवस
एक असाधारण कदम के तहत न्यूयॉर्क के मेयर बिल डी बलैसियो ने 14 अप्रैल, 2016 को बिंदेश्वर पाठक दिवस घोषित किया। सुलभ शौचालय के संस्थापक पाठक को अमानवीय परिस्थितियों में काम करने वाले लाखों लोगों के जीवनस्तर को सुधारने के लिए सम्मानित किया गया।
न्यूयॉर्क, प्रेट्र : एक असाधारण कदम के तहत न्यूयॉर्क के मेयर बिल डी बलैसियो ने 14 अप्रैल, 2016 को बिंदेश्वर पाठक दिवस घोषित किया। सुलभ शौचालय के संस्थापक पाठक को अमानवीय परिस्थितियों में काम करने वाले लाखों लोगों के जीवनस्तर को सुधारने के लिए सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य और सफाई के क्षेत्र में पाठक के उल्लेखनीय योगदान से पूरी दुनिया वाकिफ है।
यह भी पढ़ें - अब शहर के हर घर में होगा शौचालय
न्यूयॉर्क में आयोजित समारोह में पाठक खुद उपस्थित थे। उन्हें न्यूयॉर्क ग्लोबल लीडर्स डायलॉग ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड प्रदान किया गया। बलैसियो ने कहा कि उन्होंने अपनी दूरदर्शिता का इस्तेमाल समाज के दबे-कुचले लोगों की मदद करने में की।
पाठक ने अपने काम और संगठन के जरिये तकनीक विकसित की जिससे जनस्वास्थ्य और पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। इससे विभिन्न समुदायों के लाखों लोगों के जीवनस्तर में भी आमूलचूल परिवर्तन हुए। मानवाधिकार के क्षेत्र में उनके काम की भी तारीफ की गई है। सुलभ शौचालय में तकरीबन 50 हजार लोग कार्यरत हैं। बिंदेश्वर पाठक की संस्था लाखों शौचालय बना चुकी है।