कभी स्कूल नहीं गए हैं पाकिस्तानी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति बनने के तत्काल बाद ममनून ने एक साक्षात्कार में कहा था कि कराची के एक मदरसे में उन्होंने पढ़ाई की है।
इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तानी राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने कभी स्कूल का मुंह नहीं देखा है। उनकी पढ़ाई घर पर ही हुई है। इसके चलते वह स्कूली जीवन की मस्ती से वंचित रहे हैं। हुसैन बुधवार को इस्लामाबाद के निकट कैडेट कॉलेज, हसन अब्दाल में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
इसी बीच किसी ने राष्ट्रपति से उनकी अपनी शिक्षा के बारे में सवाल कर दिया। इस पर कॉलेज के एलुमनी रिलेशंस ऑफिसर सैयद मुहम्मद अली ने बताया कि कई कारणों से राष्ट्रपति की शुरुआती शिक्षा घर पर ही हुई है। इसके चलते वह कभी स्कूल नहीं गए हैं।
राष्ट्रपति बनने के तत्काल बाद ममनून ने एक साक्षात्कार में कहा था कि कराची के एक मदरसे में उन्होंने पढ़ाई की है। यह पहला मौका है, जब उन्होंने कहा है कि वे औपचारिक तौर पर आधुनिक स्कूली शिक्षा से वंचित रहे हैं। उल्लेखनीय है कि विभाजन से पहले उनका परिवार आगरा में रहता था। विभाजन के बाद वे लोग कराची में बस गए। उनको प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का वफादार माना जाता है।
पाक के राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने कहा- 'बातचीत से भाग रहा है भारत'