इरमा तूफान की चेतावनी के बावजूद फ्लोरिडा में रुके हैं भारतीय अमेरिकी
फ्लोरिडा के तटीय इलाकों में रविवार को इरमा तूफान की संभावना के चलते लोग अपने होटलों, मंदिरों और सामुदायिक स्थलों में जरूरतमंदों को शरण दे रहे हैं।
वाशिंगटन (पीटीआई)। फ्लोरिडा के तटीय इलाकों में रविवार को इरमा तूफान पहुंचने की संभावना के बावजूद बड़ी संख्या में भारतीय अमेरिकियों ने वहीं रुकने का फैसला किया है। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने अनिवार्य रूप से इन जगहों को खाली करने की चेतावनी दी है।
फ्लोरिडा में बड़ी संख्या में भारतीय अमेरिकियों के होटल हैं और आपदा की इस घड़ी में उन्होंने जरूरतमंदों के लिए उन्हें खोल दिया है। इसी तरह मंदिरों और सामुदायिक स्थलों में भी जरूरतमंदों को शरण दी जा रही है। यहां तक कि बैंक्वेट हॉल्स का इस्तेमाल भी अपने घरों से विस्थापित लोगों को शरण देने के लिए किया जा रहा है।
'सेवा' जैसे गैर-लाभकारी भारतीय संगठन तूफान प्रभावित लोगों को खाना और अन्य जरूरी सामान मुहैया करा रहे हैं। फ्लोरिडा के फोर्ट लॉडरडेल इलाके में कंसल्टेंसी बिजनेस चलाने वाले विवेक स्वरूप ने बताया, 'हर दो साल में हम इस तरह के तूफानों का सामना करते रहे हैं इसलिए हमें पता है कि इसकी तैयारी कैसे करते हैं।' 2010 की जनगणना के मुताबिक फ्लोरिडा में सवा लाख से ज्यादा भारतीय अमेरिकी रहते हैं। जबकि फोर्ट लॉडरडेल वेस्ट पॉम बीच इलाके में भारतीय अमेरिकियों की आबादी 40 हजार से ज्यादा है।
रविवार को इरमा के पहुंचने पर इस इलाके के सर्वाधिक प्रभावित होने की आशंका है। होटल व्यवसायी डैनी गायकवाड़ ने बताया कि ज्यादातर भारतीय अच्छी गुणवत्ता वाले एकल परिवार घरों में रहते हैं जो 120 मील प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं का आसानी से सामना कर सकते हैं। डैनी ने भी कैंप किए हुए करीब 200 लोगों को अपने होटल में शरण दी है।
बता दें कि अमेरिकी सरकार ने करीब 56 लाख लोगों को अनिवार्य रूप से सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा है। टंपा में स्थानीय विनिर्माण व्यवसायी चंद्रकांत पटेल ने बताया, 'कल तक हमसे कहा जा रहा था कि मियामी इलाका सर्वाधिक प्रभावित होगा। अब हमसे कहा जा रहा है कि तूफान टंपा की ओर बढ़ रहा है।' सभी एहतियाती उपाय बरतने के बावजूद पटेल को लगता है कि उनके जैसे भारतीय अमेरिकियों का व्यवसाय इरमा तूफान की वजह से सर्वाधिक प्रभावित होगा।
भारतीय दूतावास ने स्थापित की हेल्पलाइन
अमेरिका में भारतीय दूतावास ने तूफान प्रभावित भारतीयों के लिए एक हेल्पलाइन स्थापित की है। भारतीय राजदूत नवतेज सरना ने इरमा तूफान की तैयारियों पर समीक्षा बैठक के बाद बताया कि वह फ्लोरिडा में भारतीय समुदाय के नेताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं। दूतावास ने एक हॉटलाइन नंबर (202-258-8819) भी जारी किया है।
यह भी पढ़ें: तूफान इरमा क्यूबा से उत्तरी तट से टकराया, 260kph की रफ्तार से चल रही हवा
यह भी पढ़ें: इरमा के प्रति सतर्क हुआ भारतीय विदेश मंत्रालय, आपातकालीन नंबर जारी