मोसुल से भागा आइएस सरगना बगदादी
सुल्तान ने प्रेस कांफ्रेंस में इस बात का एलान किया कि आइएस सरगना बगदादी शहर छोड़कर भाग चुका है। उसने अपने अंतिम वीडियो में इसका संकेत भी दे दिया था।
बगदाद, आइएएनएस/रायटर । इराक के मोसुल में इस्लामिक स्टेट (आइएस) के पांव उखड़ने लगे हैं। अपने अंतिम गढ़ मोसुल को भी हाथ से निकलते देख आतंकी संगठन का सरगना अबु बकर अल-बगदादी शहर से भाग खड़ा हुआ है। इस शहर से आइएस को खदेड़ा जाना तय है। यह दावा गवर्नर नोफल हमादी अल-सुल्तान ने किया है।
सुल्तान ने प्रेस कांफ्रेंस में इस बात का एलान किया कि आइएस सरगना बगदादी शहर छोड़कर भाग चुका है। उसने अपने अंतिम वीडियो में इसका संकेत भी दे दिया था। तीन नवंबर को जारी इस वीडियो में बगदादी ने अपने आतंकियों से मोसुल छोड़कर नहीं भागने की अपील की थी। इराकी सेना उन्हें मोसुल से खदेड़ने के एकदम करीब है। इराकी सेना और कुर्द बलों ने शहर को आइएस से मुक्त कराने के लिए 17 अक्टूबर से निर्णायक लड़ाई छेड़ी है।
मोसुल में पीछे हटते आईएस आतंकियों ने किया भीषण नरसंहार: यूएन
निमरुद को मुक्त कराया
इराकी सेना ने निमरुद शहर से आइएस आतंकियों को खदेड़ दिया है। इस पर आतंकियों ने दो साल पहले कब्जा कर लिया था। यह स्थान तीन हजार साल प्राचीन शहर के अवशेषों से महज एक किमी दूर है। सेना ने कहा कि शहर पर पूरी तरह नियंत्रण हो गया है और यहां की इमारतों पर इराकी झंडे लहरा दिए गए हैं।
यजीदी महिलाएं को बनाया यौन दासी
आइएस ने मोसुल में हजारों यजीदी महिलाओं को कैद कर रखा है। वह इनका इस्तेमाल यौन दासी के तौर पर कर रहा है। मीडिया की खबरों के अनुसार, कुल 3,400 यजीदी महिलाओं और लड़कियों को यौन दासी के रूप में रखा गया है।
महिलाओं को बनाया आत्मघाती हमलावर
आइएस आतंकी आत्मघाती हमलावर के तौर पर महिलाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह आतंकियों का यू-टर्न है। उन्होंने खुद को बचाने के लिए यह हथकंडा अपनाया है। अभी तक आइएस की महिला सदस्य सिर्फ सहायक की भूमिका में थीं।
अलेप्पो में 15 की मौत
सीरिया के अलेप्पो और रक्का में आइएस के हमले में सीरियाई डेमोक्रेटिक फोर्स के 15 जवान मारे गए। इस फोर्स ने आइएस को रक्का से खदेड़ने के लिए पिछले शनिवार से अभियान छेड़ रखा है। आइएस का सीरिया में यह अंतिम बड़ा गढ़ है।