अमेरिका ने मार गिराया आइएस का 'तेल मंत्री'
आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) के शीर्ष कमांडर अबू सायफ को अमेरिकी कमांडो ने सीरिया में एक कार्रवाई के दौरान मार गिराया। वह आइएस के तेल, गैस और वित्तीय कामकाज का संचालन करता था। उसकी सैन्य भूमिका भी थी। अमेरिकी रक्षा मंत्री एश्टन कार्टर ने बताया कि शुक्रवार की रात
वाशिंगटन। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) के शीर्ष कमांडर अबू सायफ को अमेरिकी कमांडो ने सीरिया में एक कार्रवाई के दौरान मार गिराया। वह आइएस के तेल, गैस और वित्तीय कामकाज का संचालन करता था। उसकी सैन्य भूमिका भी थी। अमेरिकी रक्षा मंत्री एश्टन कार्टर ने बताया कि शुक्रवार की रात पूर्वी सीरिया के अल अम्र में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
ओबामा ने दिया था आदेश
इस अभियान का आदेश अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने दिया था। कार्टर ने कहा कि उनका आदेश मिलने के बाद विशेष अभियान दल के जवानों ने सायफ के ठिकाने पर छापा मारा। इस दौरान संघर्ष में वह मारा गया, लेकिन उसकी पत्नी उम सायफ को पकड़ने में कामयाबी मिली। उम पर आइएस का सदस्य होने का संदेह है। साथ ही माना जा रहा है कि आतंकी संगठन के अभियानों में भी उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी। उसने एक यजीदी महिला को गुलाम बनाकर रखा था, जिसे कार्रवाई के दौरान छुड़ाया गया। उम को फिलहाल इराक में रखा गया है।
विशेष बलों की पहली कार्रवाई
पिछले साल आइएस ने अमेरिका सहित कई देशों के बंधकों की सीरिया में हत्या कर दी थी। इसके बाद से सीरिया और इराक में उसके ठिकानों पर अमेरिका के नेतृत्व में हवाई हमले किए जा रहे हैं। लेकिन, विशेष बलों की यह पहली कार्रवाई है। संगठन के प्रमुख अबू बकर अल बगदादी के गंभीर रूप से घायल होने और दूसरे नंबर के नेता की हवाई हमले में मौत के बाद सायफ का खात्मा आइएस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
इराक को खबर, सीरिया बेखबर
व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की प्रवक्ता बनार्डेट मीहान ने बताया कि यह अभियान इराकी सरकार को भरोसे में लेकर अंजाम दिया गया। हालांकि सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद की सरकार को इसकी जानकारी नहीं दी गई थी। अमेरिका के एलान से कुछ देर पहले सीरिया की सेना ने भी आइएस के तेल और गैस का काम देखने वाले आतंकी को मारने का दावा किया था। उसकी पहचान अबू अल तायम अल सउदी के तौर पर की गई थी।