खतरनाक होता जा रहा है आइएस, सैन्य कार्रवाई तेज कर सकता है अमेरिका
अमेरिका ने आइएस के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करने के संकेत दिए हैं। ओबामा सरकार ने कहा है कि यह आतंकी संगठन इराक और सीरिया में अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों में नरसंहार कर रहा है। उसका रवैया दिन-ब-दिन खतरनाक होता जा रहा है।
वाशिंगटन: अमेरिका ने आइएस के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करने के संकेत दिए हैं। ओबामा सरकार ने कहा है कि यह आतंकी संगठन इराक और सीरिया में अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों में नरसंहार कर रहा है। उसका रवैया दिन-ब-दिन खतरनाक होता जा रहा है।
व्हाइट हाउस प्रवक्ता जॉश अर्नेस्ट ने बताया कि आइएस नियंत्रित क्षेत्रों में जो कुछ हो रहा है, बहुत चिंताजनक है। आतंकी अल्पसंख्यकों को निशाना बना रहे हैं। राष्ट्रपति ओबामा इस पर चिंता जता चुके हैं। अर्नेस्ट ने कहा, 'आतंकियों की क्रूरता को देखते हुए राष्ट्रपति ने इराक, सीरिया में आइएस के खिलाफ सैन्य अभियान को मंजूरी दी थी।
कुछ मामलों में अल्पसंख्यकों की रक्षा के लिए अभियान चलाए गए हैं। आतंकी खासकर यजिदी समुदाय को निशाना बना रहे हैं। नरसंहार के मामलों की जांच में सहयोग करने को अमेरिका तैयार है।' इससे पहले विदेश मंत्री जॉन केरी ने भी यजिदी, ईसाई व शियाओं को निशाना बनाने की बात कही थी।
आइएस के लिए भर्ती करने वाले अमेरिकी को सजा
आइएस के लिए भर्ती करने वाले अमेरिकी नागरिक को अदालत ने 22 साल कैद की सजा सुनाई है। न्यूयॉर्क के रोचेस्टर निवासी मुफीद एल्फगीह को दिसंबर, 2015 में दोषी ठहराया गया था। वह एफबीआइ के मुखबिरों को आइएस में भर्ती करने की कोशिश कर रहा था। अमेरिका में आइएस के लिए भर्ती करने का यह पहला मामला बताया जा रहा है।