भारतीय नागरिक पर अमेरिका में हेरोइन तस्करी पर आरोप
अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र के सप्लायरों से बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थ की तस्करी योजना का भागीदार माना गया है।
न्यूयार्क, प्रेट्र। अमेरिका में 55 वर्षीय भारतीय नागरिक विजयगिरी आनंदगिरी गोस्वामी पर नशीले पदार्थो की तस्करी का आरोप तय किया गया है। उन्हें अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र के सप्लायरों से बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थ की तस्करी योजना का भागीदार माना गया है। उनके अलावा तीन और लोगों को आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपियों को मंगलवार को केन्या से अमेरिका प्रत्यर्पित कराया गया है।
न्यूयार्क के दक्षिणी जिले के लिए अमेरिकी अटार्नी प्रीत भड़ाना ने कहा कि इस मामले में गोस्वामी के साथ बक्ताश आकाश, इब्राहिम आकाश और पाकिस्तानी नागरिक गुलाम हुसैन को भी आरोपी बनाया गया है। अमेरिका के आग्रह पर सभी को केन्या के मोम्बासा में नवंबर 2014 में गिरफ्तार किया गया था।
यह भी पढ़ें: व्हाइट हाउस ने दिया संकेत, पाक के लोगों पर भी लग सकता है प्रतिबंध
इन्हें हेरोइन और मेथामफेटामाइन तस्करी की साजिश में शामिल होने के चार काउंट का आरोपी बनाया गया है। हर काउंट के लिए न्यूनतम 10 वर्ष जेल या अधिकतम उम्रकैद की सजा भुगतनी पड़ सकती है। सभी आरोपियों के खिलाफ न्यूयार्क की फेडरल अदालत में मुकदमा चलेगा।
यह भी पढ़ें: ट्रंप के होटल में एक भी चीज अमेरिकी नहीं