भारतीय-अमेरिकी सांसदों ने कांग्रेस में शपथ ली
अमेरिकी कांग्रेस ने दोनों सदनों के लिए निर्वाचित पांचों भारतीय-अमेरिकी सांसदों को शपथ दिला दी गई।
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों के लिए निर्वाचित पांचों भारतीय-अमेरिकी सांसदों को शपथ दिला दी गई। अमेरिका की आबादी में भारतीय मूल के लोगों की संख्या मात्र एक फीसदी है। इस लिहाज से अल्पसंख्यक समुदाय के लिए यह ऐतिहासिक मौका माना जा रहा है।
कमला हैरिस को मंगलवार को सीनेट के सदस्य के रूप में शपथ दिलाई गई। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जॉए बिडेन ने उन्हें शपथ दिलाई। वह कैलीफोर्निया से सीनेट में पहुंची हैं। सीनेट सदस्य बनने से पहले हैरिस कैलीफोर्निया में अटार्नी जनरल थीं। उन्होंने सीनेटर बारबरा बॉक्सर की जगह ली है।
भारत-अमेरिका के शानदार रक्षा संबंध जारी रहेंगे- पेंटागन
चुनाव में विजयी होने के बाद हैरिस ने विभाजन की राजनीति के खिलाफ लड़ाई को पहली प्राथमिकता में रखने का वादा किया था। उन्होंने कहा था रिपब्लिकन इसी तरह की राजनीति करते हैं। अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों प्रतिनिधि सभा और सीनेट में अब रिपब्लिकन सदस्य बहुमत में हैं।
हैरिस के शपथ लेने के कुछ ही घंटे बाद समुदाय का ध्यान दूसरी तरफ गया। कांग्रेस सदस्य अमी बेरा सहित चार भारतीय-अमेरिकी सांसदों को शपथ दिलाई गई। बेरा लगातार तीसरी बार चुने गए हैं। इस प्रक्रिया में उनका रिकार्ड दलीप सिंह सौंध के बराबर माना जाता है। ठीक 60 साल पहले सौंध कांग्रेस सदस्य निर्वाचित हुए थे। वह कांग्रेस में पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी थे।
दो सांसदों ने गीता की शपथ ली
बेरा के अलावा सिलिकन वैली से निर्वाचित रो खन्ना, इलिनोइस से चुने गए राजा कृष्णमूर्ति और प्रतिनिधि सभा में पहली भारतीय-अमेरिकी महिला सदस्य बनीं प्रमिला जयपाल ने शपथ ली। कृष्णमूर्ति और हवाई से निर्वाचित तुलसी गब्बार्ड ने गीता की शपथ ली। अमेरिकी कांग्रेस में लगातार तीसरी बार शपथ लेने वाले गब्बार्ड पहले हिंदू हैं।