दुनिया भर में 'अज्ञानता' के मामले में भारतीय दूसरे नंबर पर
एक सर्वे में मेक्सिको और इंडिया की बेहद संदिग्ध तस्वीर उभरकर सामने आई है। सर्वे के मुताबिक भारतीय दूसरे स्थान पर हैं, जो अपने ही देश के बारे में पूरी तरह अनभिज्ञ हैं।
लंदन। एक सर्वे में मेक्सिको और इंडिया की बेहद संदिग्ध तस्वीर उभरकर सामने आई है। सर्वे के मुताबिक भारतीय दूसरे स्थान पर हैं, जो अपने ही देश के बारे में पूरी तरह अनभिज्ञ हैं। भारत के लिए सांत्वना वाली बात यह रही कि उससे पहले मेक्सिको का नंबर रहा। लंदन की मार्केट रिसर्च फर्म Ipsos MORI ने यह सर्वे असमानता, गैरधार्मिक आबादी, महिला रोजगार और इंटरनेट की पहुंच के मुद्दों पर किया है।
सर्वे में 33 देशों के 25,000 लोगों से बात की गई है। इन लोगों से पूछा गया था कि वे कौन सी चीजों को लेकर चिंतित हैं। इसके जवाब में लोगों ने कई अहम मुद्दों को नजरअंदाज कर दिया। सर्वे के मुताबिक दक्षिण कोरिया के लोगों को अपने देश के बारे में सबसे अधिक जानकारी थी। इसके बाद दूसरे स्थान पर आयरलैंड के लोग हैं।
किसी भी देश के बारे में वहां लोगों की अज्ञानता के आधार पर यह रैंकिंग दी गई है। इसमें शीर्ष एक फीसद लोगों से संपत्ति के बारे में सवाल पूछे गए। इसके अलावा मोटापा, प्रवासी, माता-पिता के साथ रहना, महिला रोजगार, ग्रामीण जीवन और इंटरनेट की पहुंच के बारे में सवाल पूछे गए थे।
इस मामले में ज्यादातर भारतीय अपनी चीजों से अनजान के तौर पर सामने आए। भारतीयों को यह भी पता नहीं है कि देश की कितनी संपत्ति टॉप एक फीसद लोगों के पास है। सर्वे के मुताबिक वास्तव में शीर्ष एक फीसद भारतीयों के पास असाधारण रूप से देश की कुल संपत्ति का 70 फीसद हिस्सा है।
सर्वे में ज्यादातर भारतीयों को बेहद कमतर आंका गया है। भारतीयों ने बताया देश्ा की 33 फीसद आबादी गैरधार्मिक है, जबकि वास्तव में महज एक फीसद आबादी ही गैर-धार्मिक है।