हिलेरी को एफबीआइ ने फिर दिया झटका
आठ नवंबर के चुनाव से ठीक पहले अमेरिकी राष्ट्रपति पद की डेमोक्रेटिक दावेदार हिलेरी क्लिंटन की मुसीबतें बढ़ती ही जा रही है। एफबीआइ ने उन्हें फिर से झटका देते हुए उनके पति
वाशिंगटन, प्रेट्र : आठ नवंबर के चुनाव से ठीक पहले अमेरिकी राष्ट्रपति पद की डेमोक्रेटिक दावेदार हिलेरी क्लिंटन की मुसीबतें बढ़ती ही जा रही है। एफबीआइ ने उन्हें फिर से झटका देते हुए उनके पति पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के खिलाफ जांच से जुड़े 15 साल पुराने दस्तावेजों को सार्वजनिक कर दिया है।
वहीं, व्हाइट हाउस ने ई-मेल मामले की दोबारा एफबीआइ जांच में दखल से इन्कार कर दिया है। दोबारा जांच का एलान होने के बाद से हिलेरी की लोकप्रियता में कमी देखी जा रही है। इसके लिए वे जांच एजेंसी की निदेशक जेम्स कोमी की मंशा पर सवाल भी उठा चुकी हैं। इसकी झुंझलाहट अब हिलेरी के व्यवहार में भी दिखने लगा है।
न्यूयॉर्क पोस्ट के अनुसार फ्लोरिडा में मंगलवार को रैली को संबोधित करते वक्त उन्होंने अपना आपा खो दिया। बिल क्लिंटन को दुष्कर्मी बताने वाला बैनर लहरा रहे एक व्यक्ति पर वह चिल्ला उठीं। हिलेरी की रैली में इस तरह के बैनर का दिखना नई बात नहीं है। पर इससे पहले वे कभी भी विचलित होती नहीं दिखी थीं।
एफबीआइ की ओर से मंगलवार को सार्वजनिक किए गए 129 पन्ने के दस्तावेज बिल क्लिंटन और मार्क रिच मामले से जुड़े हैं। वित्तीय हेराफेरी के मामले में भगोड़ा रहे रिच को बिल ने 2001 में माफी दे दी थी। जिस दिन रिच को माफी दी गई थी वह बतौर राष्ट्रपति बिल के कार्यकाल का आखिरी दिन था।
एफबीआइ ने यह मामला 2005 में बिना किसी आरोपों के बंद कर दिया था। रिच की 2013 में ही मौत हो चुकी है। हिलेरी के प्रचार अभियान ने इन दस्तावेजों को सार्वजनिक करने के समय को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि आरोपों को खारिज करते हुए एफबीआइ ने कहा है कि फ्रीडम ऑफ इन्फॉरमेशन एक्ट के तहत जांच से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने के लिए उसे हजारों आवेदन मिले थे।
दूसरी ओर, व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जोश अर्नेस्ट ने हिलेरी द्वारा विदेश मंत्री रहते निजी सर्वर का इस्तेमाल करने के मामले की दोबारा जांच में हस्तक्षेप की संभावनाओं को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि एफबीआइ की मदद से सरकारी अभियोजक जो संवेदनशील जांच करते हैं उनमें ह्वाइट हाउस का दखल नहीं होता है।
पढ़ें- नए राष्ट्रपति को सौंप दिए जाएंगे बराक ओबामा के सोशल मीडिया अकाउंट्स
पढ़ें- अमेरिकन एयरलाइंस के विमान में लगी आग, शिकागो एयरपोर्ट पर अफरातफरी