नहीं रहे इंटेल को शीर्ष पर पहुंचाने वाले एंडी ग्रोव
कंप्यूटर की दुनिया की दिग्गज कंपनी इंटेल के पूर्व सीईओ एंडी ग्रोव का 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने ही इंटेल को शीर्ष चिप निर्माता कंपनी बनाया था।
सैन फ्रांसिस्को। कंप्यूटर की दुनिया की दिग्गज कंपनी इंटेल के पूर्व सीईओ एंडी ग्रोव का 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने ही इंटेल को शीर्ष चिप निर्माता कंपनी बनाया था।
कंपनी ने ग्रोव के निधन की जानकारी मंगलवार को दी लेकिन उनकी मौत की वजह नहीं बताई। बताया जाता है कि ग्रोव पार्किंसंस बीमारी से पीडि़त थे। ग्रोव 1968 में स्थापित इंटेल को नए दौर में लेकर गए। उन्होंने 'इंटेल इनसाइड' प्रोसेसर की अगुआई की। इसका आज दुनिया के 80 फीसद से ज्यादा पर्सनल कंप्यूटरों में उपयोग किया जाता है।
वह 1997 में टाइम पत्रिका के 'मैन ऑफ द ईयर' बने। उनका जन्म 1936 में नाजी के कब्जे वाले हंगरी में हुआ था। युवा होने पर वह अमेरिका चले आए। एंडी ग्रोव ने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया से केमिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी की। 1963 में फेयरचाइल्ड सेमीकंडक्टर कंपनी में चले गए। यहां उन्होंने जिस तकनीक पर काम किया उसका बाद में माइक्रोचिप बनाने में उपयोग किया गया। यहां उनकी नोयस और मूर से मुलाकात हुई। इसके बाद इन तीनों ने इंटेल की स्थापना की। ग्रोव 1979 में इंटेल के अध्यक्ष व 1987 में सीईओ बने। उन्होंने 1998 में सीईओ का पद छोड़ दिया।