द. कोरिया की पूर्व राष्ट्रपति पर आज से चलेगा भ्रष्टाचार का केस
31 मार्च को जेल भेजे जाने के बाद सियोल सेंट्रल डिस्टि्रक्ट कोर्ट के कक्ष संख्या 417 में पार्क मंगलवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आएंगी।
सियोल, एपी : दक्षिण कोरिया की पूर्व राष्ट्रपति पार्क ग्यून हेई के खिलाफ भ्रष्टाचार मामले की सुनवाई मंगलवार से शुरू होगी। उनके मामले की सुनवाई उसी अदालत में होगी जहां दो दशक पहले तानाशाह चुन डू ह्वान को ग्वांगजू नरसंहार मामले में मौत की सजा सुनाई गई थी।
एक समय देश की सबसे ताकतवर व्यक्ति रहने वाली पार्क की पहचान अब हथकड़ी और कैदी नंबर 503 हो गई है। उनको भ्रष्टाचार, रिश्वत, और सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों का सामना करना होगा। इन मामलों में उन्हें उम्रकैद की सजा हो सकती है।
31 मार्च को जेल भेजे जाने के बाद सियोल सेंट्रल डिस्टि्रक्ट कोर्ट के कक्ष संख्या 417 में पार्क मंगलवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आएंगी। संवैधानिक अदालत ने दस मार्च को 65 वर्षीय पार्क को राष्ट्रपति पद से हटाने का फैसला सुनाया था। इसके पहले संसद में राष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पारित किया गया था।
अभियोजकों का आरोप है कि दक्षिण कोरिया की पहली महिला राष्ट्रपति ने अपनी सहेली चोई सुन सिल के साथ मिलकर देश की सबसे बड़ी कंपनियों से रिश्वत के रूप में 2.6 करोड़ डॉलर लिए थे। उन्होंने चोई को परोक्ष रूप से सरकारी मामलों में हेरफेर करने की छूट भी दी थी। पार्क ने अपनी सहेली पर भरोसा करने के लिए माफी मांगी है, लेकिन उन्होंने कुछ भी गलत करने से इन्कार किया है।
यह भी पढ़ें: मिसाइल संकट के बीच दक्षिण कोरिया ने जताई उत्तर कोरिया से वार्ता की इच्छा
यह भी पढ़ें: दक्षिण कोरिया ने माना, तेजी से मिसाइल कार्यक्रम आगे बढ़ा रहा उत्तर कोरिया