महिला ने विमान के इंजन में फेंके सिक्के, कारण जान रह जाएंगे हैरान
महिला विमान में चढ़ रही थी, तभी उसने यह हरकत की। सूचना मिलने पर उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया, तब उसने बताया कि क्यों ऐसा किया।
शंघाई, एजेंसी। चीन में एक अंधविश्वासी बुजुर्ग महिला के कारण शंघाई से उड़ान भरने वाली एक फ्लाइट कई घंटों के लिए लेट हो गई। दरअसल हुआ यूं कि 80 वर्षीय महिला ने अपनी यात्रा को शुभ बनाने के लिए विमान के इंजन में कई सिक्के फेंक दिए। घटना शंघाई पुडॉन्ग इंटरनेशनल एयरपोर्ट की है।
महिला को तुरंत पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया। उसकी इस हरकत की वजह से विमान में सवार हो चुके करीब 150 यात्रियों को बाहर निकालना पड़ा।
एयरपोर्ट पुलिस ने बताया कि महिला जब विमान में चढ़ रही थी, तभी चाइना सदर्न एयरलाइंस फ्लाइट CZ380 के इंजन में नौ सिक्के फेंके। हालांकि इनमें आठ सिक्के इंजन तक नहीं पहुंच पाए, मगर एक भीतर चला गया। एक यात्री ने महिला को ऐसा करते हुए देखा और अधिकारियों को इस बारे में सूचित किया।
इसके बाद सुरक्षा के उद्देश्य से विमान के इंजन को पूरी तरह से जांचा गया। इस चक्कर में फ्लाइट कई घंटों के लिए लेट हो गई। महिला अपने पति, बेटी और दामाद के साथ थी, जिसने बताया कि सुरक्षा के लिए प्रार्थना करते हुए उसने ऐसा किया।
यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका इस मकसद से आने वाली हैं भारत