अमेरिकी कांग्रेस ने सू की को सम्मानित किया
म्यांमार की लोकतंत्र समर्थक व विपक्ष की नेता आंग सान सू की को अमेरिकी कांग्रेस के प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया है। अमेरिकी प्रशासन द्वारा किसी विदेशी नेता को दिया जाने वाला यह दुर्लभ सम्मान है। म्यांमार पर अतिरिक्त प्रतिबंधों को हटाए जाने वाले दिन 'द नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी' की नेता सू की ने राष्ट्रपति बराक ओबा
वाशिंगटन। म्यांमार की लोकतंत्र समर्थक व विपक्ष की नेता आंग सान सू की को अमेरिकी कांग्रेस के प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया है। अमेरिकी प्रशासन द्वारा किसी विदेशी नेता को दिया जाने वाला यह दुर्लभ सम्मान है। म्यांमार पर अतिरिक्त प्रतिबंधों को हटाए जाने वाले दिन 'द नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी' की नेता सू की ने राष्ट्रपति बराक ओबामा से मुलाकात की।
सू की ने सम्मान ग्रहण करने के बाद कहा, 'अमेरिकी कांग्रेस में मौजूदगी मेरे लिए काफी सम्मान की बात है। यह मेरे जीवन का सबसे यादगार दिन है। यहां सभी एक दूर देश से आए अपरिचित का स्वागत करने के लिए एकजुट हुए हैं। इस क्षण का मैं वर्षों से इंतजार कर रही थी।' बेहद भावुक नजर आ रही सू की ने सदन में उपस्थित शीर्ष सांसदों को संबोधित किया। उपस्थित लोगों में विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन और पूर्व प्रथम महिला लौरा बुश भी शामिल थीं। सम्मान ग्रहण के मौके पर अपने संबोधन में सू की ने कहा, 'मैं हमेशा से मानती हूं कि लोकतंत्र में सभी के लिए सुरक्षा और स्वतंत्रता का बेहतर तालमेल रहता है। एक इंसान होने के नाते हमें सुरक्षा और आजादी दोनों चाहिए।' म्यांमार के राष्ट्रपति की प्रतिनिधि आंग मिन और देश के नए राजदूत थान श्वे भी इस मौके पर उपस्थित थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर