2020 तक मलेरिया मुक्त होंगे छह अफ्रीकी देश : WHO
साल 2020 तक अफ्रीका के छह देश मलेरिया मुक्त हो सकते हैं। डब्ल्यूएचओ की ओर से जारी एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है।
जिनेवा, (एएफपी)। मलेरिया से सबसे अधिक प्रभावित अफ्रीका महाद्वीप के छह देश 2020 तक इस रोग से मुक्त हो सकते हैं। विश्व मलेरिया दिवस के मौके पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ओर से जारी एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है।
डब्ल्यूएचओ के 2016-2030 कार्यक्रम का लक्ष्य है कि मौजूदा दशक के आखिर तक कम से कम दस देशों से मलेरिया को खत्म कर दिया जाए। एक बयान में संगठन ने कहा, 'डब्ल्यूएचओ का आकलन है कि छह अफ्रीकी देशों समेत 21 राष्ट्र इस लक्ष्य को हासिल करने की स्थिति में हैं।'
अफ्रीका के इन छह देशों में अल्जीरिया, बोत्सवाना, केप वर्दे, कोमोरोस, दक्षिण अफ्रीका और स्वाजीलैंड हैं। दक्षिण अफ्रीका में साल 2000 की तुलना में 2014 में मलेरिया के महज 11,700 मामले दर्ज किए गए थे। 2000 में 64 हजार मामले सामने आए थे। डब्ल्यूएचओ का मानना है कि दूसरे देशों में चीन, मलेशिया, सऊदी अरब, ईरान, ओमान, श्रीलंका, भूटान, पूर्वी तिमोर और नेपाल के अलावा आठ लैटिन अमेरिकी देश मलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।