क्वेटा आत्मघाती हमले में डीआइजी समेत 38 की मौत
इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तान के क्वेटा में गुरुवार को एक पुलिस अधिकारी के जनाजे को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती हमले में एक पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआइजी) समेत 38 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए।
इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तान के क्वेटा में गुरुवार को एक पुलिस अधिकारी के जनाजे को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती हमले में एक पुलिस उप महानिरीक्षक समेत 38 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। जनाजे में तीन सौ से अधिक लोग शामिल थे।
पुलिस उपाधीक्षक वाहिद बख्श ने बताया कि आत्मघाती हमलावर ने पुलिस लाइन में मस्जिद के गेट के बाहर उस समय खुद को उड़ा लिया जब बलूचिस्तान प्रांत के शीर्ष अधिकारियों समेत सैकड़ों लोग थाना प्रभारी मोहिब उल्लाह को श्रद्धांजलि देने के लिए कतारबद्ध थे। मृतकों में पुलिस उपमहानिरीक्षक फैयाज संबबोल भी शामिल हैं। हालांकि प्रांतीय पुलिस प्रमुख और शहर के पुलिस प्रमुख धमाके में बाल-बाल बच गए। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। नागरिक अस्पतालों पर हमले की आशंका के मद्देनजर घायलों को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिछले दिनों क्वेटा में ही महिलाओं की यूनिवर्सिटी पर हमले के बाद आतंकियों ने उस अस्पताल को निशाना बनाया था जहां घायलों को भर्ती कराया गया था।
उल्लेखनीय है कि अलामू चौक पर उल्लाह की कार पर गुरुवार को अज्ञात हमलावरों ने उस समय हमला किया था जब वह अपने बच्चों के साथ बाजार जा रहे थे। हमले में उनकी मौत हो गई थी जबकि उनके चार बच्चे और ड्राइवर घायल हो गया था। अधिकारियों का कहना है कि हमले में करीब आठ किलोग्राम विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। दोनों हमलों की किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है। तालिबान, लश्कर-ए-झांगवी समेत कई आतंकी संगठन बलूचिस्तान में सक्रिय हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर