BREXIT पर दूसरे जनमत संग्रह की मांग, समर्थन में आए 30 लाख लोग
ब्रिटेन में जनमत संग्रह में यूरोपीय संघ से अलग होने के फैसले का विरोध बढ़ता जा रहा है। इसे रद करने के लिए 30 लाख लोगों ने अपना समर्थन दिया है।
लंदन, (पीटीआई)। गुरुवार को हुए जनमत संग्रह में यूरोपीय संघ से अलग होने के फैसले के विरोध में ब्रिटेन में ही आवाज तेज होती जा रही है। इसे रद करने तथा दूसरा जनादेश लेने की मांग पर सरकारी वेबसाइट पर याचिका देने वालों की संख्या 30 लाख से अधिक हो चुकी है। यह संख्या इस विषय पर ब्रिटिश संसद के सदन हाउस ऑफ कॉमन्स में बहस के लिए अपेक्षित आधार संख्या से एक लाख अधिक है। कंजरवेटिव सांसद बेन होवलेट ने ट्विटर पर पुष्टि की है कि मंगलवार को इस मुद्दे पर हाउस ऑफ कॉमंस की विशेष समिति में चर्चा होगी।
पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर ने दूसरे जनमत संग्रह की संभावनाओं से इन्कार नहीं किया है। लेबर पार्टी के सांसद डेविड लामी ने साथी सांसदों से हाल के जनमत संग्रह के नतीजों को नकारने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया, हमें इस पागलपन को रोकने और दु:स्वप्न को खत्म करने के लिए संसद में मतदान का सहारा लेना चाहिए। हमें बोरिस जॉनसन के अक्खड़पन और झूठ के आधार पर देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट नहीं होने देना चाहिए।
ब्रेक्जिट के बाद विपक्षी लेबर पार्टी में भूचाल, छह शैडो मंत्रियों का इस्तीफा
निर्णय पर खेद
ऐसा भी देखा जा रहा है कि अलग होने के लिए वोट देने वाले ब्रिटिश नागरिक अपने फैसले पर ऑनलाइन खेद जताने लगे हैं। लंदनवासी एक महिला ने कहा, अवसर दिया जाए तो मैं अपना फैसला बदलना चाहती हूं। याचिका अभियान शुरू करने वाले विलियम ओलिवर हीले ने सरकार से नया कानून बनाने की मांग की है।
ब्रेक्जिट को रोक सकती है स्कॉटलैंड संसद
लंदन, आइएएनएस। स्कॉटलैंड की फर्स्ट मिनिस्टर निकोला स्टर्जिओन ने जनमतसंग्रह पर तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि स्कॉटलैंड की संसद ब्रिटेन के यूरोपीय यूनियन से अलग होने के फैसले को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। वह संसद सदस्यों से बे्रक्जिट पर कानूनी सहमति न देने के लिए आग्रह करेंगी। यदि संसद में स्कॉटलैंड के व्यापक हितों को संजीदगी से समझा गया तो ब्रेक्जिट को रोकने का मुद्दा संसद की टेबल पर होगा।
ब्रिटेन बिल्कुल अलग तरह का आचरण कर सकता है। स्टर्जिओन की स्कॉटिश नेशनल पार्टी के 129 सदस्यीय संसद में 63 सांसद हैं। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन हमारे लिए अब वैसा नहीं जैसा 2014 के जनमतसंग्रह में दिखा था। तब 55 प्रतिशत लोगों ने ब्रिटेन में बने रहने के लिए मत दिए थे।
संडे टाइम्स के लिए हाल में कराए गए पैनल सर्वे में स्कॉटलैंड के 52 प्रतिशत लोगों ने ब्रिटेन से अलग होने के पक्ष में राय दी है। बृहस्पतिवार को हुए जनमतसंग्रह में इसके 62 फीसद नागरिकों ने यूरोपीय संघ में बने रहने के लिए मतदान किया था।
Brexit की मुहिम चलाने वाले बोरिस जॉनसन की दावेदारी को न्याय मंत्री का समर्थन