नशीला पदार्थ सुंघाकर किशोरी का अपहरण, महिला सहित तीन गिरफ्तार
प्रतापनगर थाना क्षेत्र के गांव से 17 वर्षीय किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघाकर अपहरण कर लिया। गांव ममलीवाला निवासी सोहिल अपने दोस्त साजिद व उसकी पत्नी सकीना के साथ मिलकर किशोरी को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के गंगोह लेकर गया। जहां पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान किशोरी को होश आया तो उसने पुलिस को सारी बात बताई। इसके बाद ही गंगोह थाना पुलिस ने यहां प्रतापनगर थाना पुलिस व किशोरी के स्वजनों से संपर्क किया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : प्रतापनगर थाना क्षेत्र के गांव से 17 वर्षीय किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघाकर अपहरण कर लिया। गांव ममलीवाला निवासी सोहिल अपने दोस्त साजिद व उसकी पत्नी सकीना के साथ मिलकर किशोरी को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के गंगोह लेकर गया। जहां पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान किशोरी को होश आया, तो उसने पुलिस को सारी बात बताई। इसके बाद ही गंगोह थाना पुलिस ने यहां प्रतापनगर थाना पुलिस व किशोरी के स्वजनों से संपर्क किया।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, प्रतापनगर थाना क्षेत्र के गांव निवासी किशोरी ने वर्ष 2019 में 10वीं कक्षा के दो विषय में कंपार्टमेंट आने के बाद स्कूल छोड़ दिया था। उसके पड़ोस में ही गांव ममलीवाला निवासी मोहम्मद सोहिल के पिता की नाई की दुकान थी। आरोपित यहां दुकान पर आता रहता था। इस दौरान उसकी सोहिल से दोस्ती हो गई। आरोपित ने उसका घर का नंबर ले लिया और वह दोनों बातचीत करने लगे। आरोपित उस पर शादी का दबाव बना दिया। जिस पर उसने इंकार कर दिया। 12 अगस्त की रात करीब साढ़े 12 बजे सोहिल ने अपने दोस्त नागल पत्ती निवासी साजिद के मोबाइल से किशोरी के घर पर काल किया। जरूरी बात करने के लिए बाहर बुलाया। किशोरी ने मना कर दिया, लेकिन वह जिद पर अड़ गया। जब वह घर से बाहर आई, तो गली में एक कार खड़ी थी। कार में साजिद व उसकी पत्नी सकीना भी बैठे हुए थे। आरोपित ने अपने साथ उसे कार में बिठा लिया। इसी दौरान आरोपितों ने उसे कुछ सुंघा दिया। जिससे वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया, तो वह गंगोह में पेट्रोल पंप के पास कार में थी। पुलिसकर्मी पूछताछ करने आए, तो खुला अपहरण का राज :
जब आरोपित उसे कार में लेकर पेट्रोल पंप के पास खड़े थे। तभी वहां पर एक पुलिसकर्मी पहुंच गया। उसने पूछताछ की, तो सकीना ने कह दिया कि यह उसकी मौसी की लड़की है। उसे घर छोड़ने जा रहे हैं। इतने में किशोरी को भी होश आ गया था। जिस पर उसने पुलिसकर्मी को पूरी बात बताई। गंगोह पुलिस सभी को थाने में लेकर गई और सूचना किशोरी के स्वजनों व थाना प्रतापनगर पुलिस को दी। स्वजन प्रतापनगर थाना पुलिस के साथ गंगोह पहुंचे। पुलिस ने किशोरी को सुपुर्द किया। आरोपित सोहिल, साजिद व सकीना को भी हिरासत में ले लिया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि तीनों आरोपितों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया। उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा।