हाथ में बंदूक लेकर गोली चलाने की धमकी देने का वीडियो किया वायरल, गिरफ्तार Gorakhpur News
गोली चलाने की धमकी देने का वीडियो वायरल करने वाले युवक जय सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से बंदूक बरामद करने के बाद आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने बंदूक का लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गोरखपुर, जेएनएन। यूपी पुलिस के सेवानिवृत्त दीवान की लाइसेंसी बंदूक लेकर गोली चलाने की धमकी देने वाले युवक जय सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से बंदूक बरामद करने के बाद आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया गया। थानेदार ने पड़ोसी को बंदूक देने वाले सेवानिवृत्त दीवान का लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सेवानिवृत्त दीवान की लाइसेंसी बंदूक को पुलिस ने कब्जे में लिया
तीन दिन पहले इंटरनेट मीडिया पर वीडियाे शेयर कर जय सिंह ने अपने मित्रों को रविवार की सुबह 10 बजे बांसगांव थाना क्षेत्र के भटवली बाजार पहुंचने को कह रहा था। उसके हाथ में एक नाली बंदूक थी। सूचना के अनुसार रविवार की सुबह 10 से अधिक युवक बाइक लेकर भटवली बाजार पहुंच गए। इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जानकारी होते ही पुलिस मौक पर पहुंच गई। संदेह के आधार पर धनईपुर गांव के दो युवकों को हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ में वीडियो वायरल करने वाले युवक की पहचान हुई पता चला कि वह गीडा थाना तेनुआ गांव का रहने वाला जय सिंह है। उसकी धनईपुर गांव में तथा उरूवा थाना क्षेत्र के ग्राम गुलरिहा में रिश्तेदारी है। गुलरिहा में रहने वाले रिश्तेदार का पड़ोसी से विवाद चल रहा है। उसी व्यक्ति को सबक सिखाने के लिए वह अपने मित्रों के साथ भटवली बाजार गया था।
प्रभारी निरीक्षक गीडा सुधीर सिंह ने बताया कि बंदूक सिद्धार्थनगर से दीवान पद से सेवानिवृत्त हुए शिवाजी उपाध्याय की है और वे जय सिंह के पड़ोसी हैं। उनका कहना था कि जय सिंह उनकी बंदूक लेकर चला गया और उन्हें इसकी जानकारी नहीं हो पाई थी।
असलहा रख जन्मदिन मनाने वालों की हुई पहचान
उधर, कालेसर-जंगल कौड़िया मार्ग पर हाइवे पर ही गाड़ी की बोनट पर असलहा रख जन्मदिन की पार्टी मनाने वाले युवकों की पुलिस ने पहचान कर ली है।चिलुआताल पुलिस आरोपितों के खिलाफ सेवन सीएलए, सार्वजनिक स्थान पर असलहा दिखाने का केस दर्ज कर ढूंढ रही है। ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की गाड़ी को कब्जे में लेने के साथ ही कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस की जांच में पता चला कि इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही फोटो 22 अक्तूबर 2020 की है।जिसे पार्टी में मौजूद युवक ने बनाया था। दो दिन पहले फोटो वायरल होने पुलिस को इसकी जानकारी हुई।हिरासत में लिए गए गाड़ी मालिक ने बताया कि जिकका जन्मदिन मनाया जा रहा था वह केवल 10 साल का है। गाड़ी की बोनट पर रखे गए सभी असलहे अवैध है।