व्यापार मंडल चुनाव में दिग्गजों की साख लगी दांव पर
व्यापार मंडल के चुनाव से राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
जागरण संवाददाता, किच्छा : व्यापार मंडल के चुनाव से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। राजनीतिक दलों के नेता भी चुनाव में पर्दे के पीछे से राजनीति करते दिखे। ऐसे में चुनाव को भाजपा और कांग्रेस के चश्मे के फ्रेम में ढालने के प्रयास तेज हो गए हैे।
व्यापार मंडल चुनाव के लिए दिग्गजों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। 17 जनवरी को व्यापार मंडल के तीन पदों के लिए मतदान होना है। अध्यक्ष पद पर राजकुमार बजाज, गुलशन सिधी, ओमप्रकाश अग्रवाल और इम्त्याज मलिक चुनाव मैदान में हैं। राजकुमार बजाज निवर्तमान कार्यकारिणी में कोषाध्यक्ष और ओमप्रकाश अग्रवाल महामंत्री के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। दोनों के पास व्यापारी राजनीति का लंबा अनुभव है। गुलशन सिधी भाजपा से जुड़े हुए है। महामंत्री पद पर नजर डाले तो मनोज गांधी, विजय अरोरा, साहिल अरोरा व रियाज अहमद मैदान में हैं। मनोज गांधी पंजाबी महासभा के कोषाध्यक्ष हैं। कोषाध्यक्ष पद पर कुलदीप बग्गा, नितिन फुटेला व इंतजार खान चुनाव मैदान में हैं। इसमें कुलदीप बग्गा भाजपा से जुड़े हुए हैं, बाकी की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है। चुनाव मैदान में खड़े कुछ प्रत्याशियों को अपने पक्ष में बैठाने में लोग लगे हैं। साथ ही राजनैतिक दलों के दिग्गज अध्यक्ष पद को अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बना चुके हैं। चुनाव के अंतिम दौर तक आते आते, इसके समीकरण और बदल सकते हैं। चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है वैसे ही प्रत्याशी अपने लोगों के संपर्क में आने लगे हैं। इसके लिए वह इंटरनेट मीडिया का भी सहारा ले रहे हैं। जीत के लिए पूरी जोर आजमाइश कर रहे हैं।