यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 30, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जबरन धर्मातरण विरोधी कानून के तहत दो युवकों परमुकदमा
थाना मंसूरपुर में लव जिहाद का जिले का पहला मामला पंजीकृत किया गया है। उत्तराखंड राज्य के जिला हरिद्वार क्षेत्र ...और पढ़ें

जेएनएन, मुजफ्फरनगर। थाना मंसूरपुर में लव जिहाद का जिले का पहला मामला पंजीकृत किया गया है। उत्तराखंड राज्य के जिला हरिद्वार क्षेत्र के दो युवकों के विरुद्ध जबरन धर्मातरण विरोधी कानून की धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया है। दोनों युवकों ने साजिश रचकर महिला का जबरन धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया। महिला को शादी का झांसा देने के साथ अन्य प्रलोभन भी दिए गए।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक हरिद्वार जिले के भगवानपुर में ठेकेदारी करता है। युवक अपनी पत्नी के साथ वहीं रहता है। ठेकेदार का आरोप है कि भगवानपुर निवासी सलमान और करौंदी गांव का रहने वाला नदीम साथ में काम करते हैं। दोनों युवकों का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया। आरोपितों ने उसकी पत्नी को प्रेमजाल में फंसा लिया। महिला को जबरन धर्म परिवर्तन करने के लिए उकसाने का प्रयास किया। आरोपित महिला को शादी का झांसा समेत अन्य प्रलोभन देते रहे। युवकों की हरकत का पता लगने पर ठेकेदार अपने गांव आ गया। सोमवार देर शाम ठेकेदार मंसूरपुर थाने पहुंचा और अपनी व्यथा सुनाई। उसकी तहरीर पर पुलिस ने नदीम और सलमान के खिलाफ उप्र धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5 में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपित युवकों की तलाश कर रही है। इसके लिए हरिद्वार पुलिस को भी जानकारी दी गई है। मंसूरपुर इंस्पेक्टर कुशल पाल सिंह ने बताया कि आरोपित दोनों युवकों खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। इन दोनों युवकों ने महिला का जबरन धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।