जेल अस्पताल में आराम फरमा रहा कांडा
आखिरकार वही हुआ, जिसके बारे में कयास लगाए जा रहे थे। एयर होस्टेस गीतिका खुदकुशी मामले में जेल में बंद हरियाणा का पूर्व मंत्री गोपाल कांडा बीमारी की आड़ में जेल अस्पताल में आराम फरमा रहा है। बुधवार सुबह उसने हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत की थी। इलाज के बाद उसका ब्लड प्रेशर नार्मल हो ग
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। आखिरकार वही हुआ, जिसके बारे में कयास लगाए जा रहे थे। एयर होस्टेस गीतिका खुदकुशी मामले में जेल में बंद हरियाणा का पूर्व मंत्री गोपाल कांडा बीमारी की आड़ में जेल अस्पताल में आराम फरमा रहा है। बुधवार सुबह उसने हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत की थी। इलाज के बाद उसका ब्लड प्रेशर नार्मल हो गया पर वह वापस अपने सेल में नहीं लौटा। जेल के अधिकारियों का भी कहना है कि कांडा की तबीयत अब ठीक है।
सूत्रों के मुताबिक, रोहिणी जेल अस्पताल में दस बिस्तरों का वार्ड है। सभी बिस्तरों पर आरामदायक गद्दे हैं। भव्य महलनुमा आवास में रहने का आदी कांडा अगर जेल में रहता तो उसे जमीन पर बिस्तर डालकर सोना पड़ता। अस्पताल में उसे चारपाई की सुविधा उपलब्ध है। साफ-सफाई के लिए कर्मचारी हैं। इसके अलावा एक डॉक्टर भी हमेशा कांडा के पास रहता है। उसे किसी तरह की परेशानी नहीं है। सूत्रों का कहना है कि अगर कांडा की तबीयत ज्यादा खराब होती तो जेल प्रशासन को उसे बाहर के अस्पताल में दाखिल कराना पड़ता क्योंकि यहां के अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों का अभाव है। कांडा अस्पताल में मरीज कैदियों के लिए बने भोजन को बगैर ना-नुकुर किए खा रहा है। वह अपने साथ लाई हुई ब्लड प्रेशर की दवा का भी इस्तेमाल कर रहा है। डॉक्टरों ने उसे मेटीडेशन करने की सलाह दी है।
अरुणा की न्यायिक हिरासत बढ़ी
कांडा की एयरलाइंस कंपनी एमडीएलआर की मैनेजर अरुणा चड्ढा की न्यायिक हिरासत रोहिणी कोर्ट ने गुरुवार को 13 दिनों के लिए और बढ़ा दी। 14 दिनों की न्यायिक हिरासत पूरी होने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया था। दूसरी तरफ, दिल्ली पुलिस ने गोपाल कांडा के चार कर्मचारियों से पूछताछ की। इन लोगों से कांडा व गीतिका के संबंधों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर