घर आए परदेसियों ने परिवार संग किया पर्यटन, की खूब मस्ती
पटना। दीपावली व छठ का त्योहार निपटने के बाद रविवार के दिन राजधानी के तमाम पर्यटन व भ्रमण
पटना। दीपावली व छठ का त्योहार निपटने के बाद रविवार के दिन राजधानी के तमाम पर्यटन व भ्रमण स्थल लोगों से गुलजार दिखे। परदेस में रह रहे लोग छठ पर्व के मौके पर घर आए तो घूमने के लिए परिवार के साथ निकले। ऐसे लोग बाहर जाने से पहले रविवार की छुट्टी परिवार के साथ बिताने के लिए पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। यही कारण रहा कि पार्को व अन्य भ्रमण स्थल पर हर उम्र के लोग दिखे, जिन्होंने खूब मस्ती की। बच्चों ने झूला झूला तो महिलाओं ने अंत्याक्षरी आदि खेल पिकनिक मनाया। रविवार के दिन शहर में स्थित राजधानी वाटिका, बुद्ध स्मृति पार्क, एनर्जी पार्क, नवीन सिन्हा पार्क, पुनाईचक पार्क समेत अन्य पार्को व चिड़ियाघर, सभ्यता द्वार, श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र, सिनेमा हॉल में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। चिड़ियाघर को 1,91,320 रुपये की प्राप्त हुई आय :
रविवार की छुट्टी मनाने के लिए 5,512 लोग चिड़ियाघर में घूमने पहुंचे। इससे चिड़ियाघर को 1,91,320 रुपये की आय प्राप्त हुई। दर्शकों ने जानवरों का दीदार करने के साथ जू में मुफ्त में थ्री-डी शो का भी आनंद लिया। इसके साथ सेव नेचर सेल्फी प्वॉइंट पर खूब सेल्फी ली। इको पार्क में लिया बोटिंग का आनंद :
राजधानी के इको पार्क में रविवार को बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ दिखे। पार्क के भ्रमण के लिए पहुंचे लोगों ने सैर के साथ बोटिंग का भी खूब आनंद लिया। लोगों ने स्केटिंग, एडवेंचर पार्क, झील, झरना, चिल्ड्रेन पार्क का भी भरपूर मजा लिया। बुद्ध स्मृति पार्क में 890 लोगों ने किया भ्रमण :
फ्रेजर रोड स्थित बुद्ध स्मृति पार्क में रविवार को कुल 890 लोगों ने भ्रमण किया। इसमें से 137 लोगों ने भगवान बुद्ध के स्तूप का दर्शन भी किया। पार्क में भ्रमण के बाद लोगों ने शाम में लेजर शो का भी आनंद लिया। इससे पार्क को 21,910 रुपये की आय प्राप्त हुई।
-----------
- 5,512 लोगों ने किया चिड़ियाघर में सैर-सपाटा, पशु-पक्षियों का दीदार कर लिया थ्री-डी शो का आनंद
-0137 लोगों ने बुद्ध स्मृति पार्क में पहुंचकर किया भगवान बुद्ध के स्तूप का दर्शन