दिल्ली में आधी रात को बाइकर्स का उत्पात
शब-ए-बरात के मौके पर सोमवार आधी रात बाद दो हजार से अधिक बाइकर्स ने राजधानी दिल्ली के इंडिया गेट समेत कई इलाकों में उत्पात मचाया। हंगामे के चलते घर लौट रहे लोग सड़कों पर कैद होकर रह गए। हुड़दंगी जाम में फंसी कारों के बोनट पर कूदने लगे। कारों के शीशे तोड़ दिए गए। विरोध क
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। शब-ए-बरात के मौके पर सोमवार आधी रात बाद दो हजार से अधिक बाइकर्स ने राजधानी दिल्ली के इंडिया गेट समेत कई इलाकों में उत्पात मचाया। हंगामे के चलते घर लौट रहे लोग सड़कों पर कैद होकर रह गए। हुड़दंगी जाम में फंसी कारों के बोनट पर कूदने लगे। कारों के शीशे तोड़ दिए गए। विरोध करने पर लोगों से मारपीट की गई। कारों व बाइकों पर सवार युवतियों से छेड़छाड़ की गई। खौफ इस कदर बढ़ा कि युवतियां रोने लगीं। ऐसे हालात के आगे दिल्ली पुलिस भी बेबस दिखी। उत्पात मचाने से रोकने पर पथराव किया गया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। कइयों की पिटाई भी की गई। 11 हुड़दंगियों को गिरफ्तार करने के अलावा लगभग सौ मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़कों पर खतरनाक स्टंट और बद्तमीजी करते बाइकर्स ने मानो शहर के एक हिस्से पर कब्जा जमा लिया था। सड़कों पर मौजूद लोग खुद को खतरे में महसूस कर रहे थे। वहीं अब दिल्ली पुलिस कह रही है कि उसकी तरफ से युवाओं को जागरूक करने के सभी उपाय किए गए थे। मुस्लिम बहुल इलाकों में पुलिसकर्मियों ने बैठक करने के साथ पर्चे भी बांटे थे। लेकिन हकीकत यही है कि पुलिस हुड़दंगियों के आगे बेबस और लाचार नजर आई। साकेत मॉल से फिल्म देखकर लौट रही देवयानी व उनकी मां तो सड़कों पर बाइकर्स के तांड़व को देखकर रोने लगीं। मां-बेटी ने फोन कर परिजनों से मदद मांगी। देवयानी के अनुसार, बाइकर्स का समूह उनकी कार के आगे-पीछे बेहद खतरनाक स्टंट करने लगा। दुर्घटना के डर से उन्होंने सड़क किनारे कार रोक ली तो चारों तरफ से उनकी कार को घेरकर अश्लील इशारे किए जाने लगे। उन्होंने बताया कुछ दूरी पर पुलिस के जवान मौजूद थे, लेकिन वे असहाय बने हुए थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर