चम्पावत में मौसम ने ली करवट, पाला गिरने से बढ़ी ठंड
चम्पावत जिले में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। पाला पड़ने से एक बार फिर ठिठुरन बढ़ी है।
जागरण टीम, चम्पावत/लोहाघाट : जिले में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। गुरुवार की सुबह जबर्दस्त पाला गिरने के साथ छाए कोहरे के कारण ठंड फिर से लौट आई। हालांकि बादलों के बीच धूप निकलने से लोगों को राहत मिली।
पिछले पांच दिनों तक चटख धूप खिलने से दिन के समय ठंड गायब हो गई थी। सुबह के समय पाला भी कम गिर रहा था। गुरुवार को मौसम ने एकाएक करवट बदल ली और सुबह से ही कोहरा छा गया। शीत लहर चलने से मौसम सर्द हो गया जिससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जिले में दिन के समय अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री रहा। सुबह के समय पहाड़ी इलाकों में चली शीत लहर का असर मैदानी क्षेत्र टनकपुर और बनबसा में भी देखा गया। मैदानी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से कोहरा छाने के कारण ठंड बढ़ गई है। गुरुवार की सुबह जिला मुख्यालय के अलावा लोहाघाट, पाटी, बाराकोट विकास खंडों में पाले की सफेद चादर बिछने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। ======== मौसम बदला, आसमान बादलों से घिरा
पिथौरागढ़: विगत एक सप्ताह से सुहावना बना मौसम गुरु वार अपराह्न से बदल गया है। मध्य से लेकर उच्च हिमालय तक आसमान हल्के बादलों से घिरा रहा। आसमान में बादलों के आने से ठंडी हवाएं चल रही हैं। जिस कारण तापमान में गिरावट आ चुकी है। मौसम के ऐसा ही रहने पर ऊंची चोटियों पर रात तक हिमपात होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग अनुसार शुकवार को भी आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे।