खेल मंत्रालय ने किया वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया को निलंबित
खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल महासंघों के लिए बनाए नियमों का उल्लंघन मानते हुए बीएफआइ को निलंबित कर दिया है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। भले ही वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (वीएफआइ) के अध्यक्ष अवधेश चौधरी को दिल्ली और चेन्नई हाई कोर्ट ने राहत देते हुए उन्हें ही अध्यक्ष माना हो, लेकिन खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल महासंघों के लिए बनाए नियमों का उल्लंघन मानते हुए बीएफआइ को निलंबित कर दिया है।
वीएफआइ अध्यक्ष चौधरी और महासचिव रामावतार जाखड़ के बीच आपसी रार चल रही है। दोनों ओर से न्यायालय में वाद लंबित है। इसके चलते 2016 में वॉलीबॉल प्रीमियर लीग का आयोजन नहीं हो पाया। साथ ही, कई राष्ट्रीय प्रतियोगिता प्रभावित हुईं। गुटबाजी के चलते अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महासंघ ने वीएफआइ की मान्यता रद की हुई है। दिसंबर 2016 में चेन्नई और दिल्ली हाई कोर्ट ने एक फैसले में चौधरी को वीएफआइ का अध्यक्ष मानते हुए उन्हें वीएफआइ के खाते संचालित करने और प्रतियोगिता कराने का अधिकार दिया, ताकि खिलाडिय़ों को नुकसान न हो। लेकिन, खेल मंत्रालय ने नियमों के उल्लंघन का दोषी पाते हुए बीएफआइ की मान्यता राष्ट्रीय खेल महासंघ के तौर पर निलंबित कर दी है।