एचडब्ल्यूएल: मलेशिया के सामने होगी भारतीय टीम की कठिन चुनौती
हॉकी विश्व लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल्स के क्वार्टर फाइनल में भारतीय पुरुष हॉकी टीम मलेशिया के खिलाफ दावेदार के रूप में उतरेगी।
लंदन, प्रेट्र: भारतीय पुरुष हॉकी टीम गुरुवार को हॉकी विश्व लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल्स के क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के खिलाफ दावेदार के रूप में उतरेगी। इससे पहले भारतीय टीम ने अपने ग्रुप में जीत की हैटिक लगाते हुए स्कॉटलैंड, कनाडा और पाकिस्तान को मात दी थी। लेकिन ग्रुप के आखिरी मुकाबले में नीदरलैंड्स से 1-3 से हार गई थी।
इस हार के बाद भारत अपने ग्रुप में नीदरलैंड्स के बाद दूसरे नंबर पर रहा था। नीदरलैंड्स के खिलाफ भारतीय टीम गोल करने के मौकों को भुना नहीं पाई जिस कारण उसे हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन मलेशिया के खिलाफ भारतीय टीम अपनी इन गलतियों को दोहराने से बचना चाहेगी। हालांकि इस मुकाबले में विश्व की 14वें नंबर वाली मलेशिया के खिलाफ विश्व के छठे नंबर पर काबिज भारतीय टीम जीत की दावेदार है। लेकिन मलेशिया ने भारत को अजलान शाह कप में 1-0 से मात देकर उसे चौंका दिया था।
भारतीय टीम के स्ट्राइकर आकाशदीप सिंह जबरदस्त फॉर्म में है और टूर्नामेंट में कई गोल दाग चुके हैं। उनका साथ सुनील, तलविंदर सिंह और मनदीप सिंह अच्छा निभा रहे हैं।
क्रिकेट की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें