द्रविड़ व सुशील को मिल सकता है पद्म भूषण
पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके राहुल द्रविड़ को पद्म भूषण सम्मान से नवाजे जाने की संभावना है। इसके अलावा लगातार दो बार ओलंपिक पदक जीतने वाले पहलवान सुशील कुमार को भी देश के इस तीसरे सबसे बड़े सम्मान से नवाजा जा सकता है।
नई दिल्ली। पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके राहुल द्रविड़ को पद्म भूषण सम्मान से नवाजे जाने की संभावना है। इसके अलावा लगातार दो बार ओलंपिक पदक जीतने वाले पहलवान सुशील कुमार को भी देश के इस तीसरे सबसे बड़े सम्मान से नवाजा जा सकता है। जबकि निशानेबाज विजय कुमार, योगेश्वर दत्त और क्रिकेटर गौतम गंभीर को पद्मश्री मिल सकता है।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आज पद्म पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की रजामंदी मिलने के बाद इन पुरस्कार पाने वालों के नामों की घोषणा की जाएगी। खेल मंत्रालय ने क्रिकेटर द्रविड़ और सुशील कुमार का नाम पद्म भूषण के लिए भेजा था। लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकोम का नाम भी पद्म सम्मान के लिए भेजा गया था।
द्रविड़ ने 16 साल तक चले शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर का समापन पिछले साल मार्च में संन्यास लेकर किया था। वहीं सुशील कुमार ने 2008 में बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद पिछले साल लंदन ओलंपिक में भी जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। लगातार दो या एक से ज्यादा ओलंपिक पदक जीतने वाले वे भारत के एकमात्र खिलाड़ी हैं। खेल मंत्रालय ने क्रिकेटर गंभीर के अलावा लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले योगेश्वर दत्त को पद्मश्री के लिए नाम भेजा था। साथ ही लंदन ओलंपिक में देश को पहला रजत पदक दिलाने वाले निशानेबाज विजय कुमार को भी पद्मश्री मिलने की संभावना है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर