विदेशी खिलाड़ियों ने मारी बाजी, साइना व सिंधू से महंगी बिकीं मारिन
प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) के पहले संस्करण की सबसे महंगी खिलाड़ी साइना नेहवाल को तो पहले दौर में खरीदार तक नहीं मिले।
नई दिल्ली, प्रेट्र। बाजार भी सजा और बोली भी लगी, लेकिन भारतीय शटलरों को उम्मीदों के अनुरूप पैसा नहीं मिला। इसमें भी बाजी विदेशी खिलाड़ियों ने मारी। प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) के पहले संस्करण की सबसे महंगी खिलाड़ी साइना नेहवाल को तो पहले दौर में खरीदार तक नहीं मिले। वहीं, रियो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला शटलर पीवी सिंधू को अनुमान से कम पैसा मिला। रियो में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने वाले किदांबी श्रीकांत भारतीयों में सबसे महंगे खिलाड़ी रहे।
मारिन सबसे महंगी खिलाड़ी : ओलंपिक चैंपियन स्पेन की कैरोलिन पीबीएल-2 की सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। उन्हें हैदराबाद हंटर्स ने 61.5 लाख रुपये में खरीदा। दक्षिण कोरिया की सुंग जी हयून को मुंबई रॉकटेस ने 60 लाख में अपने साथ जोड़ा। डेनमार्क के जान ओ जोर्गेनसेन को गत चैंपियन दिल्ली एसर्स ने 59 लाख में तो उन्हीं के सहयोगी ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता विक्टर एक्सेलसेन को बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने 39 लाख में अपने साथ जोड़ा। कोरिया के वान हो सून को दिल्ली की फ्रेंचाइजी ने 39 लाख में खरीदा।
खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
सिंधू को 39 तो साइना को मिले 33
भारतीय शटलरों साइना नेहवाल और पीवी सिंधू को उम्मीद से कम मिला। सिंधू को 39 लाख में चेन्नई स्मैशर्स ने खरीदा। वह टीम की आइकन खिलाड़ी भी होंगी। वहीं, पहले दौर में नहीं बिकने वाली साइना को अवध वॉरियर्स ने 33 लाख रुपये में अपने साथ जोड़े रखा।
श्रीकांत के खाते में आए 51 लाख
शीर्ष भारतीय पुरुष शटलर श्रीकांत पर अवध वॉरियर्स ने 51 लाख रुपये खर्च किए। श्रीकांत भारतीय खिलाडि़यों में सबसे महंगे खिलाड़ी हैं।