2018 एशियन गेम्स में 39 खेलों को मिली जगह, क्रिकेट को किया बाहर
यह जानकारी शुक्रवार को ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) ने दी।
जकार्ता, प्रेट्र। इंडोनेशिया में होने वाले 2018 एशियन गेम्स में 39 खेलों को शामिल किया गया है, जो दक्षिण कोरिया में हुए पिछले आयोजन से कहीं ज्यादा हैं। इस बार ब्रिज समेत कुछ नए खेलों को शामिल किया गया है। यह जानकारी शुक्रवार को ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) ने दी।
एशियन गेम्स का आयोजन 18 अगस्त से दो सितंबर के दौरान होगा। ज्यादातर स्पर्धाएं जकार्ता और पालेमबंग में होंगी। इंडोनेशिया ने पिछली बार 1962 में एशियन गेम्स का आयोजन किया था। ओसीए ने शिकायत की थी कि प्रमुख देश अपनी मुख्य क्रिकेट टीम भेजने में असफल रहे थे, जिसके कारण पिछले दो एशियन गेम्स में शामिल रहे क्रिकेट को इस बार बाहर कर दिया गया है। 2018 में होने वाले इस आयोजन के लिए अन्य नए खेलों में पेनकक सिलाट (इंडोनेशियाई मार्शल आर्ट), जुजुत्सु, पैराग्लाइडिंग, जेट स्की और स्पोर्ट्स क्लाइबिंग को शामिल किया गया है।
2014 इंचियोन एशियन गेम्स की तुलना में इस बार तीन खेल ज्यादा हैं। यह संख्या 2020 में टोक्यो ओलंपिक के लिए तय किए गए 33 खेलों से भी ज्यादा है। ओसीए ने कहा कि एशियन गेम्स में सबसे ज्यादा खेलों की संख्या 42 रही है, लेकिन इंडोनेशियाई अधिकारियों को शिकायत थी यह बहुत ज्यादा है। ओसीए अध्यक्ष के इस सप्ताह जकार्ता जाने के बाद इसके डायरेक्टर जनरल हुसैन अल मुसल्लम ने कहा, 'खेलों के कार्यक्रम को कम किया गया है। इस बार 39 खेलों में कुल 426 स्पर्धाएं होंगी।' ओसीए ने कहा कि घुड़सवारी को फिलहाल आयोजित होने वाले खेलों की सूची में शामिल किया गया है, लेकिन इसे हटाया भी जा सकता है।
पूर्व में एशियन गेम्स के आयोजनों पर बहुत ज्यादा लागत चिंता का विषय रही है। हालांकि, एशियन गेम्स का आगामी आयोजन वियतनाम करने वाला था, लेकिन आर्थिक परेशानी की वजह से उसने अपने हाथ खींच लिए।