विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिक्किम विधानसभा में पेश हुआ ₹19215 करोड़ का बजट, राज्यपाल बोले- 2047 तक विकसित राज्य बनाने का रोडमैप

Published: Mon, 20 Jul 2026 06:32 PM (IST)

सिक्किम विधानसभा का बजट सत्र राज्यपाल के अभिभाषण से शुरू हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 19,215 करोड़ रुपये का बजट पेश किया।

फोटोः विधानसभा में बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री तामांग (मुख्यमंत्री कार्यालय)

फोटोः विधानसभा में बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री तामांग (मुख्यमंत्री कार्यालय)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, गंगटोक। राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर के अभिभाषण के साथ सिक्किम विधानसभा का चार दिवसीय बजट सत्र सोमवार को शुरू हुआ। पहले दिन मुख्यमंत्री एवं वित्त विभाग के प्रभारी मंत्री प्रेम सिंह तामांग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 19,215 करोड़ रुपये का आम बजट पेश किया। साथ ही सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा और उच्च शिक्षा क्षेत्र से जुड़े तीन महत्वपूर्ण विधेयक भी सदन में पेश किए जिन पर मंगलवार और बुधवार को चर्चा होगी।

19215 करोड़ रुपये का बजट पेश

बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वित्तीय अनुशासन, सतत विकास और जनकल्याण को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना, समावेशी विकास को गति देना तथा विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

बजट में कुल 19,215 करोड़ रुपये के सकल व्यय का प्रावधान किया गया है। 760 करोड़ रुपये की वसूली समायोजित करने के बाद शुद्ध व्यय 18,455 करोड़ रुपये रहेगा। सरकार ने 2,275 करोड़ रुपये कर राजस्व, 1,124 करोड़ रुपये गैर-कर राजस्व, केंद्र के करों में 5,113 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी, 3,867 करोड़ रुपये केंद्रीय अनुदान, 2,765 करोड़ रुपये की उधारी तथा पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता योजना के तहत 3,312 करोड़ रुपये मिलने का अनुमान लगाया है।

2047 तक सिक्किम को विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य

बजट में 11,733 करोड़ रुपये राजस्व व्यय, 5,896 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय तथा ऋण एवं अग्रिम के लिए 826 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं केंद्र प्रायोजित योजनाओं के लिए 2,460 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सुशासन, आधारभूत ढांचे का विस्तार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, युवाओं के लिए रोजगार, किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना तथा पर्यावरण संरक्षण है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस बार 15 प्रतिशत बजट शिक्षा क्षेत्र में आवंटन किया गया है।

इससे पहले राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने अपने अभिभाषण में कहा कि सरकार का लक्ष्य 2047 तक सिक्किम को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 में राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 62,973 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जो वर्ष 2018-19 की तुलना में 121 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि है।