...तो इस वजह से सूची ली वापस? सपा से 'टूट' के बाद इस पार्टी से गठबंधन कर सकती हैं पल्लवी पटेल, आज होगी खास मुलाकात
समाजवादी पार्टी से अलग हुई अपना दल (कमेरावादी) का बसपा से गठबंधन हो सकता है। नई राजनीतिक संभावनाओं को तलाश रही अपना दल (कमेरावादी) ने सबसे पहले तीन लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का अपना निर्णय स्थगित कर दिया है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने लोकसभा चुनाव के लिए घोषित सीटों की सूची अग्रिम सूचना तक निरस्त कर दी है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी से अलग हुई अपना दल (कमेरावादी) का बसपा से गठबंधन हो सकता है। नई राजनीतिक संभावनाओं को तलाश रही अपना दल (कमेरावादी) ने सबसे पहले तीन लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का अपना निर्णय स्थगित कर दिया है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने लोकसभा चुनाव के लिए घोषित सीटों की सूची अग्रिम सूचना तक निरस्त कर दी है। संशोधित सूची जल्द जारी करने की बात कही गई है।
अपना दल (कमेरावादी) ने 20 मार्च को विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए के तहत मीरजापुर, फूलपुर और कौशांबी लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। इसी दिन सपा ने मीरजापुर से राजेंद्र एस बिंद को प्रत्याशी घोषित कर दिया था। अगले दिन 21 मार्च को जब गठबंधन को लेकर सवाल हुआ तो अखिलेश यादव ने कहा था कि 2022 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन था, 2024 लोकसभा चुनाव में गठबंधन नहीं है।
अखिलेश की टिप्पणी के बाद पल्लवी का बयान
अखिलेश की टिप्पणी के बाद शुक्रवार को पल्लवी पटेल ने प्रेस कान्फ्रेंस में कहा था कि हम विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए का हिस्सा हैं। हर बैठक में हमने भाग लिया। अब कांग्रेस को तय करना है कि हम आइएनडीआइए गठबधंन का हिस्सा हैं या नहीं हैं। उन्होंने बसपा के गठबंधन के सवाल पर कहा था अभी उनसे कोई बात नहीं हुई है।
हालांकि, सूत्रों के अनुसार अपना दल (कमेरावादी) का बसपा से गठबंधन हो सकता है। इस सिलसिले में रविवार को मायावती से मुलाकात भी हो सकती है। यही वजह है कि शनिवार को अपना दल (कमेरावादी) ने 20 मार्च को जारी सूची वापस ले ली है। केंद्रीय कार्यालय के सचिव राम स्नेही पटेल ने सूची रद करने का आदेश जारी कर दिया है।