पुलिस सुरक्षा के बीच एक करोड़ में निकला नामी चोर का जनाजा
आपने कहावत सुनी होगी आशिक का जनाजा है जरा धूम से निकले, पर ये लंदन के एक नामचीन चोर का जनाजा था जो शाही धूमधाम से पुलिस की सुरक्षा में निकला।
भव्य विदाई
एक बुजुर्ग के घर में चोरी के दौरान हमले में घायल हो कर एक चोर की मौत हो गई, और पिछले दिनों उसकी शव यात्रा निकाली गई। ये लंदन का एक मशहूर चोर की अंतिम यात्रा थी जो अपने काम के दौरान ही मारा गया। पर खास बात ये थी कि लंदन में यह जनाजा ऐसे धूमधाम से निकला की लोगों की आंखें हैरत से फटी रह गईं। हेनरी विनसेंट नाम के इस चोर के जनाजे के आगे तो मशहूर हस्तियों के जनाजे भी मामूली दिखाई दे रहे थे। खास बात ये है कि किसी सुपर स्टार या मशहूर राजनेता की अंतिम यात्रा को मात करता ये जनाजा करीब 50 पुलिस कर्मियों और दो विशेष सुरक्षा हैलिकाप्टर्स की देखभाल के बीच चल रहा था। ये अंतिम सफर जिस स्थान पर हेनरी की मृत्यु हुई वहां से लेकर स्थानीय ऑर्पिंगटन कैंट कब्रिस्तान तक चला था।
कई बहुमूल्य कारों के काफिले और फूलों की सजावट के पर करोड़ों का खर्चा
हेनरी की शवयात्रा बीती 3 मई को निकाली गई थी। इस जनाजे में उसका पूरा परिवार शामिल हुआ। फ्यूनरल प्रोसेशन में 8 लंबी मर्सिडीज लिमोज गाड़ियां शामिल थीं जिनको फूलों से सजाया गया था। इस सब पर लगभग 100,000 पाउंड जो लगभग 1 करोड़ रुपए के बराबर होते हैं का खर्च आया था। गाड़ियों पर फूलों से डैडी, हेनरी, हीरो जैसे शब्द भी लिखे गए थे। सूत्रों की माने तो चोरी को ही व्यवसाय मानने वाले हेनरी का ये पारिवारिक काम माना जाता था और पूरा परिवार इससे जुड़ा था। इसस समय उनकी जायदाद तकरीबन 1.7 पाउंड मिलियन यानी 15 करोड़ की बताई जाती है।
कई बार सजा भुगत चुका है
हेनरी विनसेंट साउथ ईस्ट लंदन का मोस्ट वॉन्टेड पेशेवर चोर था। उसे अपने जीवन में कई बार जेल और आर्थिक दंड भी भुगतना पड़ा था। इसी साल 4 अप्रैल को एक 78 वर्षीय पेंशन याफ्ता बुजूर्ग ऑसबॉर्न ब्रूक्स के घर में चोरी की वारदात के दौरान धारदार हथियार के हमले के बाद उसकी मौत हो गई। बाद में पुलिस ने संदेह के आधार पर ब्रूक्स को गिरफ्तार तो किया पर कोई साक्ष्य ना होने के कारण उनके खिलाफ कोई केस नहीं चलाने का निर्णय किया गया। हेनरी ने अपनी जिंदगी में 10 साल से ज्यादा वक्त जेल में बिताया है।
पारिवारिक व्यवसाय है चोरी
हेनरी उस गैंग का भी सदस्य बताया जाता था, जो लोगों को जबरन बैंक ले जाते थे और उनके पैसे निकलवा लेते थे। साल 2009 में हेनरी ने एक शख्स के घर की एक टाइल्स बदलने के लिए लाखों रुपए वसूल लिए थे और इस अपराध में उसे 6 साल की जेल भी हुई थी। बताते हैं वो नशे का भी आदि था। हेनरी के परिवार के भी कई सदस्यों को मिला कर करीब 29 साल से ज्यादा की जेल की सजा हो चुकी है। उसके दल में पिता के अलावा उसके 5 चाचा भी शामिल रहे हैं। पुलिस रिर्पोट के अनुसार शव यात्रा के दौरान हेनरी के परिवार और दोस्तों ने पत्रकारों पर पत्थर बरसाए, गालियां दीं और अंडे भी फेंके। कई लोगों को अभद्र इशारे करते भी देखा गया।