दिल्ली-NCR में तेज धूप और उमस ने किया परेशान, तापमान के साथ प्रदूषण का स्तर भी बढ़ा
राजधानी दिल्ली सहित आसपास के राज्यों में अब फिर से गर्मी का अहसास होने लगा है। अभी बारिश और बादल छाए रहने के चलते भीषण गर्मी से राहत मिली हुई थी और अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखी जा रही थी।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। राजधानी दिल्ली सहित आसपास के राज्यों में अब फिर से गर्मी का अहसास होने लगा है। अभी बारिश और बादल छाए रहने के चलते भीषण गर्मी से राहत मिली हुई थी और अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखी जा रही थी। हालांकि अब तापमान बढ़ने लगा है। साथ ही उमस भी बढ़ रही है, इससे लोगों को गर्मी से परेशानी हो रही है। साथ ही हवा भी खराब होने लगी है।
दिन भर खिली रही तेज धूप और नमी के चलते सोमवार को अधिकतम तापमान अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम है। रविवार के अधिकतम तापमान से इसकी तुलना करें तो चौबीस घंटे के भीतर ही अधिकतम तापमान में 4.1 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है।
न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 82 से 40 प्रतिशत तक रहा।
मंगलवार को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो 10 जून तक तापमान बढ़ता रहेगा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है।
गर्मी के साथ ही प्रदूषण के स्तर में भी बढ़ोतरी
गर्मी बढ़ने के साथ ही प्रदूषण के स्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सोमवार को दिल्ली की पांच जगहों का एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 से ऊपर यानी ''खराब'' श्रेणी में रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का एक्यूआई 166 रहा। इस स्तर की हवा को ''मध्यम'' श्रेणी में रखा जाता है। एनएसआईटी द्वारका का एक्यूआइ सर्वाधिक 329 रहा।