Delhi News: झगड़े के दौरान बीच-बचाव न करवाना युवक को पड़ा भारी, शख्स ने जांघ में घोंपा चाकू
राेशन नाम का शख्स दुकान पर आया। इसके बाद वह उससे कहने लगा कि कुछ लोग उसके भाई धीरज को पीट रहे थे तो उसे बचाया क्यों नहीं। इसपर पीड़ित ने कहा कि वह किसी के झगड़े में नहीं पड़ता। इतना सुनते ही आरोपित ने चाकू निकालकर उसकी जांघ में घोंप दिया। पीड़ित कुणाल को इलाज के लिए जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। न्यू उस्मानपुर इलाके में झगड़े में बीच बचाव न करवाना एक युवक को भारी पड़ गया। इससे गुस्साए एक शख्स ने दुकान में बैठे युवक की जांघ पर चाकू घोंप दिया। युवक को लहूलुहान करके आरोपित मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में युवक भर्ती
घायल हालत में कुणाल को इलाज के लिए जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी शिकायत पर न्यू उस्मानपुर थाना ने हमला करने समेत कई धाराओं में प्राथमिकी की है। कुणाल अपने परिवार के साथ न्यू उस्मानपुर दूसरा पुश्ता पर रहता है। वह बृहस्तिवार शाम को कोचिंग गया था।
शाम को वापस घर लौट रहा था, जब वह लाल अस्पताल के पास पहुंचा तो देखा कुछ लोगों के बीच झगड़ा हाे रहा है। वह रुका नहीं और अपने घर चला गया। रात को अपने घर के नीचे किराने की दुकान पर बैठा हुआ था। आरोप है कि उसी दौरान उसी इलाके का रहने वाला राेशन नाम का शख्स दुकान पर आया।
भाई को न बचाने पर मारा चाकू
इसके बाद वह उससे कहने लगा कि कुछ लोग उसके भाई धीरज को पीट रहे थे तो उसे बचाया क्यों नहीं। इसपर पीड़ित ने कहा कि वह किसी के झगड़े में नहीं पड़ता। इतना सुनते ही आरोपित ने चाकू निकालकर उसकी जांघ में घोंप दिया।