Greater Noida: यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती बस पर पत्थर मारकर शीशा तोड़ा, चालक की होशियारी आई काम; नहीं तो...
यमुना एक्सप्रेस-वे पर रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में चलती बस पर पत्थर मारकर सामने का शीशा तोड़ दिया। आशंका है कि लूटपाट के इरादे से बदमाशों ने शीशा तोड़ा है। हालांकि चालक की होशियारी की वजह से बड़ी घटना होने से टल गई।
ग्रेटर नोएडा, जागरण संवाददाता। यमुना एक्सप्रेस-वे पर रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में चलती बस पर पत्थर मारकर सामने का शीशा तोड़ दिया। आशंका है कि लूटपाट के इरादे से बदमाशों ने शीशा तोड़ा है। हालांकि, चालक की होशियारी की वजह से बड़ी घटना होने से टल गई। चालक ने शीशा टूटने के बाद भी बस नहीं रोकी और वह सीधे नोएडा डिपो में आकर रुका।
दरअसल, कुछ दिन पहले यमुना एक्सप्रेस-वे पर ही मथुरा क्षेत्र में चलती कार पर पत्थर फेंक कर बदमाशों ने इंजीनियर के परिवार से लूटपाट की थी। घटना के बाद से मथुरा पुलिस एक्सप्रेस-वे पर अलर्ट है।
ऐसे में आशंका है कि बदमाशों ने क्षेत्र बदल दिया है और शनिवार रात ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में घटना करने की फिराक में थे। इसी के तहत उन्होंने रबूपुरा क्षेत्र में चलती रोडवेज बस पर पत्थर मारा, जिससे बस का शीशा टूट गया।
शीशा टूटने के बाद चालक ने बस नहीं रोकी इस वजह से लूटपाट की घटना होने से टल गई। शनिवार रात नोएडा डिपो की बस आगरा से नोएडा के लिए आ रही थी। जैसे ही बस रबूपुरा क्षेत्र में पहुंची, तभी उस पर बदमाशों ने पत्थर फेंक कर हमला किया।
घटना के दौरान बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिसमें 8 महिलाएं भी शामिल थीं। घटना की सूचना मिलने के बाद रबूपुरा कोतवाली पुलिस एक्सप्रेस-वे पर पहुंच गई और छानबीन में जुट गई है।
एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। एहतियात के तौर पर जेवर टोल से लेकर जीरो पॉइंट तक पुलिस अलर्ट पर है। किसी भी तरीके की अप्रिय घटना नहीं होने दी जाएगी।