नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज यानी बुधवार को आकाश साफ नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आज दिन में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है।
बढ़ रहा न्यूनतम तापमान
राजधानी में लगातार न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगी है। इस वजह से सोमवार के मुकाबले मंगलवार को न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। इस कारण न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया। वहीं, सोमवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। इस वजह से मौसम खुशनुमा रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, आज के बाद दो दिन आकाश में आंशिक बादल रह सकते हैं और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकती है। इसके बाद आकाश साफ हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान सबसे अधिक पीतमपुरा व स्पोर्ट्स कांप्लेक्स इलाके में 26.6 डिग्री दर्ज किया गया। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में एक दिन पहले अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दिल्ली-NCR में ‘खराब’ श्रेणी में रही हवा की गुणवत्ता
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को प्रदूषण के स्तर में आंशिक बढ़ोत्तरी हुई। फिर भी हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बरकरार है। सफर इंडिया के अनुसार, दो दिन मध्यम स्तर की हवा चलेगी। इससे हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में या बेहद खराब श्रेणी में निचले स्तर पहुंच सकती है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 285 रहा। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 265 था।