Noida Crime: व्यापारी ने लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर की आत्महत्या, नहीं मिला सुसाइड नोट
नोएडा में चीनी आपूर्ती से जुड़े एक व्यापारी ने लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक की पहचान अनिल कपूर (56) के रूप में हुई है। अनिल कपूर अपने परिवार के साथ रहते थे। मृतक के घरवाले आत्महत्या करने का कोई ठोस कारण भी नहीं बता पा रहे हैं।
नोएडा, जागरण संवाददाता। सेक्टर-47 में रहने वाले एक चीनी आपूर्ती से जुड़े एक व्यापारी ने बुधवार शाम घर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अनिल कपूर (56) के रूप में हुई है। अनिल कपूर अपने परिवार के साथ रहते थे।
बीती रात्रि वह खाना खाने के बाद अपने कमरे में चले गए। कुछ देर बाद परिजनों को गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन तुरंत दौड़कर अनिल कपूर के कमरे में पहुंचे तो वह लहूलुहान पड़े हुए थे। स्वजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे अनिल
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
प्रारंभिक पड़ताल में पता चला है कि चीनी व्यापारी अनिल कपूर पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। उनके द्वारा आत्महत्या किए जाने का कोई ठोस कारण भी स्वजन नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल कर रही है।