मॉडल को बंधक बनाने वाले युवक की महिलाओं ने की जमकर पिटाई
भोपाल में मॉडल को बंधक बनाने वाले युवक का आज पुलिस ने जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान महिलाओं ने आरोपी की जमकर पिटाई की।
भोपाल (जेएनएन)। भोपाल में मॉडल को बंधक बनाने वाले युवक का आज पुलिस ने जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान महिलाओं ने आरोपी की जमकर पिटाई की। मीडिया से बात करते हुए उसने कहा कि ' मैं मरना चाहता हूं। और कहा कि लड़की मुझसे प्यार करती है और वह पिछले एक महीने से मुझसे बात कर रही थी और मुझसे कह रही थी की यदि मैं भोपाल नहीं आया तो वह आत्महत्या कर लेगी। अब वह अपने परिवार के दबाव में झूठ बोल रही है।
गौरतलब है कल शुक्रवार को सिरफिरे आशिक ने भोपाल के एक अपार्टमेंट में मॉडल को बंधक बना लिया था। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद मॉडल को उसके चंगुल से मुक्त करवाया था।
मजिस्ट्रेट के सामने युवती बोली-रोहित से जान का खतरा
युवती ने रात को नोबल अस्पताल के आईसीयू में अपने बयान दर्ज कराए हैं। जहां पर उसने मजिस्ट्रेट से कहा कि उसने फ्लैट से निकलते समय शादी की बात रोहित के धमकाने पर की थी। वह उसको लगातार धमका रहा था। वह उसको पिस्टल और कैंची मारने की धमकी दे रहा था। जिसके कारण उसने यह बात कही। अब उसका कहना है कि वह उससे शादी नहीं करना चाहती है।
15 दिन पहले ही रोहित को पिता ने किया संपत्ति से बेदखल
मिसरोद में मॉडल को बंधक बनाने वाले रोहित से परिवार भी परेशान था। मई में बहन की शादी में शामिल होने अपने घर लोधा आया तो पैसे की मांग करते हुए मारपीट तक की। इससे गुस्साए उसके पिता रेशमपाल ने उसे संपत्ति से बेदखल कर दिया। इसकी कानूनी प्रक्रिया कर थाना पुलिस को भी जानकारी दी। वहां से रोहित दो दिन पहले ही भोपाल आया था।
गांव में मात्र 50 गज जमीन
लोधा गांव निवासी रेशमपाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। मात्र 50 गज जमीन है, उस पर ही वह ईंट आदि जोड़कर रहते हैं। रोहित एकलौता पुत्र है, जो कि हाईस्कूल तक पढ़ा है। दो बहनें हैं, जिनकी शादी हो गई है। ढाई साल पहले रोहित ने गांव में चोरी की थी, जिस पर कुछ लोगों ने उसकी पिटाई की। इसके बाद वह मुंबई भाग गया। वहां किसी स्टूडियो में काम करने लगा और मॉडल के संपर्क में आया। वह मॉडल पर शादी के लिए दबाव डालने लगा। जनवरी में मॉडल अपने घर भोपाल आ गई। फरवरी में रोहित उसके घर पहुंच गया और तमंचा दिखाकर उसे छत पर ले गया था। तब किसी तरह मॉडल को उसने छोड़ा। उसकी तलाश में लोधा से पुलिस भी आई। इस घटना के बाद परिजनों ने मॉडल को मुंबई नहीं भेजा।
रोहित ने मॉडल को भी धोखे में रखा
रोहित ने मॉडल को भी धोखे में रखा था। वह मॉडल को बताता था कि उसकी अलीगढ़ में फैक्टरी है। घर जाने पर गांव के लोगों को वह मॉडल की फोटो दिखाता था। कहता था कि वह गांव में आना नहीं चाहती है, इसलिए शादी की देरी हो रही है।
रोहित के साथ जो चाहो वो करो
शुक्रवार शाम छह बजे भोपाल से किसी पुलिस अधिकारी का फोन आया तो उसके पिता ने कहा कि साहब जो चाहो वो करो, अब उससे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार इतना कहते ही रेशमपाल की आंखें भर आईं। दोपहर तीन बजे वह भोपाल जाने की तैयारी करने लगे। वह गांव से निकल भी गए थे, मगर बताया जाता है कि किसी का साथ नहीं मिला तो वह मथुरा से पहले ही वापस आ गए।