नाबालिग के साथ छेड़खानी करना पड़ा महंगा, मनचलों को ग्रामीणों ने जमकर पीटा
हमारे देश में कितने भी कानून बन जाए लेकिन लड़कियों के साथ छेड़छाड़ का सिलसिला थमता नहीं दिखता है। एक बार फिर से एक नाबलिग के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है।
हैदराबाद, एनएनआइ। हमारे देश में कितने भी कानून बन जाए, लेकिन लड़कियों के साथ छेड़छाड़ का सिलसिला थमता नहीं दिखता है। एक बार फिर से एक नाबलिग के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। इन मनचलों को ग्रामीणों ने मिलकर बहुत पीटा। घटना रविवार को चित्तूर जिले में हुई।
कोथकोटा सर्कल इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने कहा कि राजू नाम का एक युवक जिसकी उम्र 21 वर्ष के आसपास है, और चार नाबालिग लड़कों को कक्षा 9 में पढ़ने वाली एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार करते हुए पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि जैसे ही ग्रामीणों को घटना के बारे में पता चला उन्होंने मामले को अपने हाथों में ले लिया और आरोपियों को पीटा। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और भारतीय दंड संहिता और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। बता दें कि इससे पहले भी आंध्र प्रदेश में एक महिला ने एक शख्स को चप्पलों से पीटा। दरअसल, महिला ने आरोप लगाया है कि वह शख्स उसे लंबे समय से तंग कर रहा था।
गौरतलब है कि हैदराबाद की राजधानी तेलंगाना में डॉक्टर के साथ दुष्कर्म कर जिंदा जलाने की घटना का संसद में भी जमकर विरोध हो रहा है। वहीं सोशल मीडिया पर दोषियों को फांसी की सजा दिलाने को लेकर मांग उठ रही है। इसके लिए तेलंगाना में कैंडल मार्च भी निकाला गया है। बता दें कि इस मामले में 4 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। हैरान कर देने वाली बात यह है कि इस घटना के एक दिन बाद ही यहां से दोबारा एक महिला को जिंदा जलाए जाने की घटना हुई थी। जिसके चलते पूरे देश में इस वक्त गुस्सा है।